उत्तर प्रदेश

Mahoba: पशु अस्पताल की अव्यवस्था से जनता नाराज

Admindelhi1
4 Feb 2026 4:41 PM IST
Mahoba: पशु अस्पताल की अव्यवस्था से जनता नाराज
x

महोबा: जनपद महोबा के कबरई कस्बे में स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय इन दिनों बदहाली का शिकार है। हालात ऐसे हैं कि यहां इलाज के लिए पहुंचने वाला न सिर्फ जानवर, बल्कि इंसान भी खुद को बीमार महसूस करने लगता है। अस्पताल परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था ने प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पशु चिकित्सालय में डॉक्टरों की उपस्थिति बेहद अनियमित है। जरूरत के समय डॉक्टर नदारद रहते हैं, जिससे पशुपालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार दूर-दराज़ से अपने बीमार पशुओं को लेकर आने वाले ग्रामीण घंटों इंतज़ार के बाद मायूस होकर लौटने को मजबूर हो जाते हैं।

अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का हाल और भी चिंताजनक है। जगह-जगह गंदगी, दुर्गंध और कूड़े के ढेर नजर आते हैं। नालियों की सफाई न होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे माहौल में पशुओं का इलाज होना तो दूर, उनकी बीमारी और बढ़ जाती है। पशुपालकों ने प्रशासन से मांग की है कि पशु चिकित्सालय में नियमित रूप से डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए और साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त की जाए।

उनका कहना है कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और ऐसी लापरवाही से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस बदहाली पर ध्यान देते हैं और कब कबरई का पशु चिकित्सालय वास्तव में इलाज और स्वच्छता का केंद्र बन पाता है।

Next Story