उत्तर प्रदेश

Mahoba: देशभर में कार्यक्रमों के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

Admindelhi1
31 Oct 2025 3:21 PM IST
Mahoba: देशभर में कार्यक्रमों के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस
x

महोबा: भारत के लौह पुरुष, देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जनपद महोबा में राष्ट्रीय एकता दिवस बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह द्वारा जनपद के आल्हा चौक में प्रातः 8 बजे कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के राष्ट्र-निर्माण में असाधारण योगदान, विशेषकर देश की अखंडता एवं प्रशासनिक एकीकरण में उनकी भूमिका को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके उपरांत “राष्ट्रीय एकता के लिये दौड़ (Run for Unity)” का भव्य आयोजन मुख्यालय आल्हा चौक से जिलाधिकारी आवास तक किया गया। इस कार्यक्रम का फ्लैग-ऑफ (Flag-off) पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद (बांदा/चित्रकूट) आर.के. सिंह पटेल, अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज, अपर पुलिस अधीक्षक वन्दना सिंह, क्षेत्राधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण, पुलिस लाइन एवं थाना कोतवाली नगर के पुलिसकर्मी, रिक्रूट आरक्षीगण, समाजसेवी, स्थानीय नागरिक, स्कूली छात्र-छात्राएं, खिलाड़ी एवं धावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण ऊर्जा, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना के साथ दौड़ में भाग लिया और नगर के प्रमुख स्थलों से होते हुए राष्ट्रीय एकता, सद्भाव एवं देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि आर.के. सिंह पटेल एवं पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह द्वारा सभी उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भी “Run for Unity” कार्यक्रम आयोजित किए जाने का प्रस्ताव किया गया, ताकि एकता और अखंडता का यह संदेश समाज के प्रत्येक कोने तक पहुँचे। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य समाज में एकता, अखंडता एवं आपसी सौहार्द के भाव को सुदृढ़ करना तथा युवाओं में राष्ट्र के प्रति समर्पण और प्रेरणा का संचार करना है।

सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन “Run for Unity” का भव्य आयोजन आल्हा चौक से जिलाधिकारी आवास तक ,पुलिस अधीक्षक महोबा प्रबल प्रताप सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, छात्रों और नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता। राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन।

Next Story