उत्तर प्रदेश

Mahoba: विद्युत लाइन में फँसे ट्रक से खतरे टले

Admindelhi1
6 Feb 2026 6:30 PM IST
Mahoba: विद्युत लाइन में फँसे ट्रक से खतरे टले
x

महोबा: महोबा मुख्यालय में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुराने प्राइवेट बस स्टैंड के आगे रोडवेज प्राइवेट वाली गली के पास फैली विद्युत विभाग की लाइन में एक भारी ट्रक फँस गया। ट्रक निकलते समय पूरी विद्युत लाइन उसके ऊपर आकर टिक गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत यह रही कि नीचे वाला तार अर्थिंग का निकला। यदि यह किसी फेस लाइन से संपर्क में आ जाता, तो आज एक बहुत बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, जिसमें जन-हानि की पूरी संभावना थी। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विद्युत लाइन भारी वाहनों की ऊँचाई के अनुसार बेहद नीचे लगी हुई है।

इस मार्ग से रोज़ाना बड़े ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजरते हैं, ऐसे में यह लापरवाही किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकती है। ट्रक को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और साथ ही यातायात प्रभावित रहा। लोगों ने मौके पर मौजूद फोटो और वीडियो में साफ़ देखा कि किस तरह पूरी विद्युत लाइन ट्रक के ऊपर रखी हुई थी।

स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द लाइन की ऊँचाई को सही किया जाए। लोगों का कहना है कि अगर आज फेस तार से ट्रक का संपर्क हो जाता, तो बड़ा हादसा तय था। अब सवाल यह है कि क्या विद्युत विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतज़ार कर रहा है? समय रहते यदि उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इससे भी गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।

Next Story