- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: तीसरी मंजिल...

लखनऊ: किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के शताब्दी फेज-2 भवन की तीसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर एक युवती की मौत हो गई। सोमवार सुबह युवती का शव इमारत के नीचे मिला। वह रविवार रात अपने पिता के साथ सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के कॉरिडोर में सो रही थी। तड़के करीब तीन बजे जब पिता की आंख खुली, तो बेटी गायब थी। तीन घंटे बाद उसका शव इमारत के बाहर पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में कैंसर की बीमारी के कारण आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतका कैंसर से थी पीड़ित
केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. सुधीर सिंह ने बताया कि लखीमपुर खीरी की दीपमाला (19 वर्ष) बड़ी आंत (मलाशय) के कैंसर से पीड़ित थी और उसका कैंसर शरीर में फैल चुका था। सर्जरी से पहले कैंसर को नियंत्रित करने के लिए कीमोथेरेपी दी जा रही थी। दीपमाला को परामर्श की जरूरत थी, इसलिए वह 20 मार्च को अपने पिता रजनीश के साथ केजीएमयू आई थी। सोमवार को उसे ओपीडी में दिखाना था, इसलिए पिता और बेटी रात में शताब्दी फेज-2 भवन की तीसरी मंजिल पर सो रहे थे।
तीन बजे गायब मिली, सुबह शव मिला
तड़के तीन बजे जब पिता की आंख खुली, तो बेटी को न पाकर उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह छह बजे केजीएमयू कर्मियों ने भवन के नीचे घायल अवस्था में युवती को देखा और उसे तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इसी दौरान बदहवास पिता भी वहां पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपमाला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी चौक राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, परिजनों ने इस घटना को लेकर किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।





