उत्तर प्रदेश

Lucknow: योगी सरकार की योजनाओं से धान खरीद में नया रिकार्ड

Admindelhi1
19 Dec 2025 4:06 PM IST
Lucknow: योगी सरकार की योजनाओं से धान खरीद में नया रिकार्ड
x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीद को लेकर योगी सरकार की नीतियों का असर धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। प्रदेश सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद को किसान हितों से जोड़ते हुए न केवल खरीद प्रक्रिया को तेज किया है, बल्कि भुगतान व्यवस्था को भी अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाया है।

अब तक 4,09,444 किसान धान खरीद प्रक्रिया से सीधे जुड़े

ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष धान खरीद में किसानों की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और ऑनलाइन केंद्रों के माध्यम से व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हुई है। किसानों की सहभागिता के लिहाज से यह वर्ष महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। वर्ष 2025-26 में अब तक 4,09,444 किसान धान खरीद प्रक्रिया से सीधे जुड़े हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 3,73,840 थी। यह वृद्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार द्वारा स्थापित भरोसे और सरल प्रक्रियाओं का प्रमाण है।

विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक धान की कुल खरीद 25,02,149.60 मीट्रिक टन तक पहुंची

वर्तमान विपणन वर्ष 2025-26 में अब तक धान की कुल खरीद 25,02,149.60 मीट्रिक टन तक पहुंच चुकी है। धान खरीद के साथ-साथ सरकार ने डिस्पैच व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी है। किसान पंजीकरण और सत्यापन की प्रक्रिया को ऑनलाइन किए जाने से बिचौलियों की भूमिका लगभग समाप्त हो गई है। भुगतान के मोर्चे पर भी सरकार ने संतुलित और जिम्मेदार रुख अपनाया है। अब तक किसानों को 5,569.97 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है।

प्रदेश में 4,743 ऑनलाइन खरीद केंद्र संचालित

धान खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रदेश में 4,743 ऑनलाइन खरीद केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जो पिछले वर्ष के 4,347 केंद्रों की तुलना में अधिक हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को अपने घर के निकट ही उपज बेचने की सुविधा मिल रही है।

19 दिसंबर 2025 तक धान के लिए कुल 8,82,988 किसान पंजीकृत

किसान पंजीकरण के संदर्भ में, 19 दिसंबर 2025 तक धान के लिए कुल 8,82,988 किसानों का पंजीकरण हुआ है, जिनमें से 6,68,698 किसानों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 7,13,600 किसानों का पंजीकरण और 6,10,135 किसानों का सत्यापन किया गया था। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस वर्ष न केवल पंजीकरण की संख्या बढ़ी है, बल्कि सत्यापन की प्रक्रिया भी तेज हुई है।

वर्ष 2025-26 में अब तक 1,72,109.30 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद

प्रदेश में वर्ष 2025-26 में अब तक 1,72,109.30 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हो चुकी है, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 81,058.91 मीट्रिक टन था। चालू वर्ष में 41,568 किसानों ने बाजरा बेचा, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 15,096 थी।

ज्वार के लिए 82 क्रय केंद्र ऑनलाइन माध्यम से संचालित

इसी तरह, चालू वर्ष में ज्वार की खरीद 26,448.60 मीट्रिक टन रही है। ज्वार के 7,814 किसानों ने इस वर्ष सरकारी खरीद प्रणाली के अंतर्गत अपनी फसल बेची, जो पिछले वर्ष के 7,282 किसानों से अधिक है। ज्वार किसानों को अब तक 91.49 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। ज्वार के लिए 82 क्रय केंद्र ऑनलाइन माध्यम से संचालित किए जा रहे हैं।

Next Story