उत्तर प्रदेश

Lucknow: भारी बारिश से नदियों का बढ़ा जलस्तर, 30 जिलों में अलर्ट जारी

Admindelhi1
30 Jun 2025 8:48 PM IST
Lucknow: भारी बारिश से नदियों का बढ़ा जलस्तर, 30 जिलों में अलर्ट जारी
x
"बिजली गिरने की चेतावनी"

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार कुछ समय तक धीमी रहने के बाद अब तेज हो गई है। रविवार से मानसून ने जोर पकड़ा और मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी ट्रफ लाइन मध्य यूपी की ओर खिसक आई है। इसके प्रभाव से 30 जून से 1 जुलाई तक पूरे राज्य में अच्छी बारिश होने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आएगी, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।

रविवार से सोमवार तक सहारनपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शामली समेत सात जिलों में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को लगभग 35 जिलों में भारी बारिश और 65 जिलों में बिजली कड़कने की चेतावनी दी गई है। रविवार को देवरिया, बागपत और संभल को छोड़कर पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। फर्रुखाबाद में सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लखनऊ के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे यूपी, विशेष रूप से पश्चिमी यूपी के बाकी हिस्सों में सक्रिय हो गया। मानसूनी ट्रफ लाइन के मध्य यूपी में पहुंचने से सोमवार को उत्तरी और मध्य यूपी में अच्छी बारिश के आसार हैं।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, सहारनपुर, शामली, बिजनौर, रामपुर।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना: सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, हरदोई, शामली, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, शाहजहांपुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं और आसपास के क्षेत्र।

मेघगर्जन और बिजली गिरने की चेतावनी: प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, गाजियाबाद, हापुड़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं और आसपास के क्षेत्र।

अवध में नदियों का जलस्तर बढ़ा: मानसून के सक्रिय होने और नेपाल में भारी बारिश के कारण अवध क्षेत्र में नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। गोंडा के करनैलगंज में सरयू नदी का जलस्तर 37 सेमी बढ़ गया और यह खतरे के निशान से केवल डेढ़ मीटर नीचे है। अंबेडकरनगर के कम्हरिया में सरयू नदी में पानी तेजी से बढ़ रहा है और कटाव शुरू हो गया है। बहराइच के जानकी नगर में तीन दिनों में सरयू नदी ने 11 पक्के मकानों को निगल लिया। सीतापुर में सरयू और शारदा नदियों के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में पानी फैल रहा है।

हरियाणा-पंजाब में भारी बारिश: हरियाणा और पंजाब में चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में अगले तीन-चार दिन भारी बारिश की संभावना है। रविवार सुबह 8:30 बजे तक चंडीगढ़ में 119.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। हरियाणा के रोहतक, गुरुग्राम, कैथल, नूह और पंचकुला में 91 मिमी बारिश हुई। दोनों राज्यों में 1 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है।

झारखंड में रेड अलर्ट: झारखंड में 2 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है और सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। रांची सहित पूरे प्रदेश में तेज बारिश हो रही है। पूर्वी सिंहभूम के कोवाली में शनिवार को भारी बारिश से लव कुश स्कूल जलमग्न हो गया, जिसमें 162 छात्र फंस गए। स्कूल परिसर और छात्रावास में पानी भरने से छात्रों को छत पर रात गुजारनी पड़ी। रविवार सुबह 5:30 बजे पुलिस और दमकल की टीमें पहुंचीं और ग्रामीणों की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित निकाला गया।

ओडिशा में बाढ़ का खतरा: ओडिशा के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। बालासोर और मयूरभंज जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुवर्णरेखा, बुधबलंग, जलाका और सोनो नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और सोमवार तक बाढ़ की आशंका है। मयूरभंज में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।


दिल्ली में बारिश का अलर्ट: दिल्ली में सोमवार को भी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघगर्जन और बिजली चमकने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 32 और 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। येलो अलर्ट जारी है।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट: उत्तराखंड में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। देहरादून समेत नौ जिलों (उत्तरकाशी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंह नगर) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में तेज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है।



Next Story