उत्तर प्रदेश

Lucknow: शिवरी प्लांट में होगा कचरे का निस्तारण

Admindelhi1
13 May 2025 6:46 AM GMT
Lucknow: शिवरी प्लांट में होगा कचरे का निस्तारण
x

लखनऊ: शहर के कचरा प्रबंधन मेंं सुधार के लिए 173 करोड़ रुपये और खर्च किए जाएंगे। जल्द ही 700 मीट्रिक टन क्षमता का तीसरा प्लांट भी शुरू हो जाएगा। इससे कूड़ा निस्तारण की क्षमता बढ़कर 2100 मीट्रिक टन प्रतिदिन हो जाएगी। शिवरी में अभी 700-700 मीट्रिक टन क्षमता के दो प्लांट संचालित हैं। इस बजट से तीसरे प्लांट में कूड़ा निस्तारण के लिए मशीनें खरीदी जाएंगी। इसमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन मद में शिवरी प्लांट पर फ्रेश वेस्ट का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद शहर में प्रतिदिन निकलने वाला लगभग 2000 मीट्रिक टन कूड़े का उसी दिन निस्तारण जाएगा।

खुले में बने पड़ाव घर खत्म करने के लिए नगर निगम ट्रांसफर स्टेशनों का निर्माण कराएगा। लगभग 45 स्थानों पर पोर्टेबल कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (PCTS) लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम जल्दी ही टेंडर निकालेगा। लखनऊ स्वच्छता अभियान कंपनी द्वारा ट्रांसफर स्टेशन लगाने में देरी के कारण नगर निगम ने पिछले महीने टेंडर निरस्त कर दिया था। अब नए सिरे से ट्रांसफर स्टेशन बनाने के लिए टेंडर कराया जाएगा। PCTS लगने से खुले में कूड़ा नजर नहीं आएगा।

शिवरी प्लांट पर कूड़े का निस्तारण करने के साथ खाली जमीन पर हरियाली विकसित की जाएगी। नगर निगम का उद्यान विभाग यहां काम करने वाले कर्मचारियों के परिवारों के लिए पार्क बनाएगा और बच्चों के खेलने के लिए झूले आदि लगाये जाएंगे। इससे वातावरण को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी। अगले हफ्ते तक शिवरी में 700 मीट्रिक टन क्षमता का तीसरा प्लांट शुरू हो जाएगा। इससे प्लांट की क्षमता कुल 2100 मीट्रिक टन फ्रेश कूड़ा निस्तारण की हो जाएगी। अभी 700-700 टन क्षमता के दो प्लांट से फ्रेश वेस्ट का निस्तारण किया जा रहा है।

Next Story