उत्तर प्रदेश

Lucknow: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से दो छात्राएं फरार

Admindelhi1
15 April 2025 11:11 AM IST
Lucknow: कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय से दो छात्राएं फरार
x
"पुलिस ने अभियान तेज किया"

लखनऊ: सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर खेवली के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय से दो छात्राएं रविवार तड़के दीवार फांदकर फरार हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय की वार्डन वंदना अवस्थी ने पुलिस को रिपोर्ट दी, जिसके बाद छात्राओं की तलाश शुरू कर दी गई है।

वार्डन वंदना अवस्थी के अनुसार, रविवार सुबह 5:10 बजे पारूल और शिमला नाम की दो छात्राएं अचानक स्कूल से गायब मिलीं। दोनों छात्राएं पहले राजकीय बालगृह बालिका, सिंधी कॉलोनी, मानकनगर में रह रही थीं और वहीं से उन्हें इस विद्यालय में पढ़ाई के लिए भेजा गया था।

छात्राओं के गायब होने की जानकारी विद्यालय की पूर्णकालिक शिक्षिका अर्चना ने दी। जब छात्राएं अपने स्थान पर नहीं मिलीं, तो उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद वार्डन को सूचना दी गई।

इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि भागने के रास्ते और दिशा का पता चल सके।

बंथरा में किशोरी लापता, युवक पर बहलाने का आरोप

बंथरा इलाके में एक 16 वर्षीय किशोरी दवा लेने घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों के अनुसार, किशोरी के पास सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और मोबाइल था। जब देर शाम तक वह नहीं लौटी तो उसकी तलाश शुरू की गई।

परिजनों को पता चला कि पहाड़पुर निवासी रिशु नाम का युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया है और पिता विनोद लोहार की मदद से उसे घर में छिपा रखा है।

पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और किशोरी के साथ दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Next Story