- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: सहारनपुर के...
Lucknow: सहारनपुर के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात किए जाएंगे

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात किए जाएंगे। इनमें बस्ती रेंज के डीआईजी पी. दिनेश कुमार (आईपीएस-आरआर-2009) और सहारनपुर के एसएसपी रोहित सिंह सजवाण (आईपीएस-आरआर-2013) के नाम शामिल हैं। गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने इस संबंध में राज्य सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) मांगा था, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार ने जारी कर दिया है।
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अनुभाग-2 (पुलिस सेवाएं) द्वारा भेजे गए पत्र संख्या 1-21016/01/2024-IPS.III, दिनांक 10 फरवरी 2025 के तहत पी. दिनेश कुमार और रोहित सिंह सजवाण की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनाती के लिए अनुमति मांगी गई थी। इस पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 24 फरवरी 2025 को अपनी सहमति दे दी है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने साफ किया है कि इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ कोई विभागीय जांच, अभियोजन कार्यवाही या सतर्कता जांच लंबित नहीं है। इसलिए, राज्य सरकार को उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर कोई आपत्ति नहीं है।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि पी. दिनेश कुमार और रोहित सिंह सजवाण को केंद्र सरकार के किस मंत्रालय या विभाग में तैनात किया जाएगा। लेकिन संभावना जताई जा रही है कि इन्हें गृह मंत्रालय, खुफिया ब्यूरो (IB) या अन्य केंद्रीय एजेंसियों में अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।
रोहित सिंह सजवाण 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के रूप में तैनात हैं। उनके कार्यकाल में सहारनपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कई कड़े अभियान चलाए और कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाई।
पी. दिनेश कुमार 2009 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इस समय बस्ती रेंज के डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं। वह पहले भी कई अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और अपराध नियंत्रण में उनकी नीतियों की सराहना होती रही है।
राज्य सरकार ने केंद्र को यह भी निर्देश दिया है कि दोनों अधिकारियों की तैनाती के बाद इस निर्णय से उत्तर प्रदेश सरकार को अवगत कराया जाए।
गृह मंत्रालय द्वारा अंतिम प्रक्रिया पूरी करने के बाद, जल्द ही इन दोनों आईपीएस अधिकारियों की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई तैनाती की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।





