- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: विजिलेंस टीम...
Lucknow: विजिलेंस टीम को व्यापारियों ने घेरा, गाड़ी छोड़कर भागे अधिकारी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के वजीरगंज स्थित पांडेयगंज में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बिजली विभाग की विजिलेंस टीम दुकान पर जांच के लिए पहुंची, लेकिन व्यापारियों ने उन्हें घेर लिया। स्थिति बिगड़ती देख विजिलेंस टीम के सदस्य गाड़ी छोड़कर मौके से भाग निकले।
सूचना मिलने पर वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और छोड़ी गई गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
इंस्पेक्टर वजीरगंज दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि विजिलेंस टीम में शामिल जूनियर इंजीनियर, दो दीवान और अन्य कर्मचारी जांच के लिए पांडेयगंज स्थित एक आढ़त पर पहुंचे थे। बिजली लोड ज्यादा होने की बात कहकर वे जांच करने लगे। इसी दौरान व्यापारियों को शक हुआ कि टीम फर्जी हो सकती है, जिससे उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया और अधिकारियों को घेर लिया।
बढ़ते हंगामे के बीच विजिलेंस टीम के सदस्य मौका देखकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई
वजीरगंज पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लिया और संबंधित अधिकारियों को कोतवाली बुलाया। इंस्पेक्टर वजीरगंज ने पुष्टि की कि टीम फर्जी नहीं थी। विजिलेंस इंस्पेक्टर से बात करने पर पता चला कि बुधवार को पूरी टीम के साथ छापा डालने की योजना थी, लेकिन कुछ अधिकारी बिना टीम के ही वहां पहुंच गए।
अब इस लापरवाही को लेकर संबंधित अधिकारियों को पूरी रिपोर्ट भेजी जा रही है, जिससे आगे की कार्रवाई तय की जा सके।





