उत्तर प्रदेश

Lucknow: राजधानी में किशोरी समेत तीन ने फंदे से लटककर दी जान

Admindelhi1
24 March 2025 11:23 AM IST
Lucknow: राजधानी में किशोरी समेत तीन ने फंदे से लटककर दी जान
x
"परिजनों में मचा हड़कंप"

लखनऊ: अलग-अलग घटनाओं में किशोरी समेत तीन लोगों ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। गुडंबा में 15 वर्षीय पल्लवी ने घर में फंदा लगा लिया, वहीं दुबग्गा में 40 वर्षीय किसान सुशील पाल और सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्टनगर में 36 वर्षीय ट्रक चालक चंद्रवीर यादव ने फंदे से जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

पल्लवी ने रसोई में लगाया फंदा

गुडंबा थाना क्षेत्र के गन्ने का पुरवा में पल्लवी अपने छोटे भाई अनुज और नाना कृष्ण के साथ रहती थी। मां गुड्डन की पहले ही मौत हो चुकी है और पिता गया प्रसाद काफी समय से लापता हैं। मामा अनिमेष ने बताया कि शनिवार को पल्लवी किसी बात से नाराज होकर बीकेटी के तन्नापुर चली गई थी। शाम को मामा उसे समझाकर घर वापस लाए। रविवार सुबह पल्लवी रसोई में दुपट्टे के सहारे कुंदे से लटकी मिली। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बाग में लटका मिला किसान का शव

दुबग्गा थाना क्षेत्र के मौरा निवासी किसान सुशील पाल काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। बहनोई संत पाल के मुताबिक, शनिवार रात परिवार के लोग खाना खाने के बाद सोने चले गए। रविवार सुबह सुशील घर में नहीं मिले। तलाश करने पर उनका शव आम के पेड़ से गमछे के फंदे से लटका मिला। सुशील के परिवार में पत्नी और छह बच्चे हैं। इंस्पेक्टर दुबग्गा अभिनव वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

ट्रक की खिड़की से लटका मिला चालक का शव

सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर इलाके में ट्रक चालक चंद्रवीर यादव का शव ट्रक की खिड़की से गमछे के फंदे से लटका मिला। इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने बताया कि चंद्रवीर बिहार के दरभंगा का रहने वाला था। वह ट्रक पर दिल्ली से माल लादकर लखनऊ आया था। ट्रक खड़ा करने के बाद रविवार सुबह उसका शव ट्रक की खिड़की से लटकता मिला। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

Next Story