उत्तर प्रदेश

Lucknow: "यह बजट नहीं, बल्कि बड़ा ढोल है: अखिलेश यादव

Admindelhi1
20 Feb 2025 4:20 PM IST
Lucknow: यह बजट नहीं, बल्कि बड़ा ढोल है: अखिलेश यादव
x
"यह समाज के हर वर्ग के लिए निराशाजनक है"

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विधानसभा में पेश वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को 'बड़ा ढोल' करार देते हुए कहा कि इसमें आवाज तो बहुत है, लेकिन यह अंदर से खाली है।

बजट को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यह समाज के हर वर्ग के लिए निराशाजनक है। अखिलेश ने कहा, "यह बजट नहीं, बल्कि बड़ा ढोल है। जनता को लग रहा है कि बजट आया ही नहीं, वह पूछ रही है कि प्रवचन तो आ गया, लेकिन बजट कब आएगा?"

"बजट देखकर किसानों की उम्मीदें सूख गईं"

लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में अखिलेश यादव ने कहा कि बजट ने किसानों, महिलाओं, बेरोजगारों और व्यापारियों को निराश किया है।

"बजट देखकर किसानों की उम्मीदों का खेत सूख गया है।"

"महिलाओं के माथे पर घर चलाने की चिंता की लकीरें और गहरी हो गई हैं।"

"बेरोजगारों की आंखों के सामने अंधेरा छा गया है।"

"व्यापारियों और दुकानदारों पर मंदी की मार और गहरा गई है।"

"भाजपा विधायकों और मंत्रियों के गले सूख गए हैं"

भाजपा विधायकों और मंत्रियों पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, "जो लोग विधानसभा में मेजें पीट रहे थे, अब उनके गले सूख गए हैं, क्योंकि अपने विधानसभा क्षेत्रों में उन्हें ही महंगाई और बेरोजगारी के सवालों का सामना करना पड़ेगा।"

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, "बजट देखकर बुनकरों का ताना-बाना रुक गया है और हथकरघे खामोश हो गए हैं। जनता पूछ रही है कि 'जुमला मंत्रालय' के लिए कितना बजट आवंटित किया गया है?"

"बिना विजन के बजट, सरकार का कोई रोडमैप नहीं"

अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार के पिछले बजटों की भी आलोचना करते हुए कहा कि इनका कोई फोकस या विजन नहीं रहा।

"इस बजट और भाजपा के घोषणा पत्र में कोई तालमेल नहीं है।"

"सरकार ने यह तय ही नहीं किया कि उत्तर प्रदेश को किस दिशा में ले जाना है।"

"हर बार सरकार कहती है कि यह सबसे बड़ा बजट है, लेकिन असल सवाल यह है कि इससे जनता को क्या फायदा होगा?"

यूपी का अब तक का सबसे बड़ा बजट

प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने गुरुवार को 8,08,736 करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश किया, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट है। यह पिछले साल के बजट से 9.8 प्रतिशत अधिक है। इसमें 28,478.34 करोड़ रुपये की नई योजनाएं प्रस्तावित हैं।

Next Story