- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: किशोरी और...

लखनऊ: बीबीडी स्थित इंदिरा नहर रेगुलेटर के पास बुधवार को एक किशोरी और अधेड़ व्यक्ति के शव मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकलवाया।
शाम को किशोरी की पहचान आराध्या यादव (17), निवासी गोहना, पोस्ट मित्तई, देवां, बाराबंकी के रूप में हुई। वह एक निजी स्कूल में 11वीं की छात्रा थी और 12 फरवरी की शाम से लापता थी। अधेड़ की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
रेगुलेटर पुल के पास दो शवों को फंसा देख स्थानीय लोगों ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना पर इंस्पेक्टर बीबीडी अजय नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को बाहर निकालने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पहचान कराने की कोशिश की।
इसी दौरान, शव मिलने की खबर सुनकर बाराबंकी के देवां निवासी सुशील यादव मौके पर पहुंचे और अपनी बेटी आराध्या की पहचान की। सुशील यादव ने बताया कि 12 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे आराध्या नाराज होकर घर से निकल गई थी। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। 13 फरवरी को देवां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पिता ने किसी पर नहीं लगाया आरोप
पुलिस के मुताबिक, आराध्या के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। पिता सुशील यादव ने भी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस अब अधेड़ व्यक्ति की शिनाख्त के लिए कमिश्नरेट और आसपास के जिलों के सभी थानों में गुमशुदगी का विवरण जुटा रही है।
शव करीब छह दिन पुराने
पुलिस के अनुसार, दोनों शव करीब पांच से छह दिन पुराने हैं और पानी में पड़े रहने के कारण काफी सड़ चुके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। हालांकि, स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है, जिस पर पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।





