- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: 69,000 करोड़...
Lucknow: 69,000 करोड़ के निवेश से चमकेगा प्रदेश, बड़ी कंपनियों ने दिखाया भरोसा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए बड़ी कंपनियों ने करीब 69 हजार करोड़ रुपये के एमओयू किए हैं। ये समझौते मंगलवार को मुंबई के जिओ वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक उच्चस्तरीय निवेशक राउंडटेबल के दौरान प्रदेश सरकार की निवेश प्रोत्साहन एजेंसी इन्वेस्ट यूपी द्वारा किए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरन आनंद ने संभाला। निवेशकों ने डाटा सेंटर, हरित ऊर्जा, सीमेंट और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश करने का प्रस्ताव रखा।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब भारत का सबसे आकर्षक निवेश केंद्र बन चुका है और प्रगतिशील उद्योगों का स्वागत करता है। इसी दौरान हीरानंदानी समूह के अध्यक्ष डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने बताया कि 30 मेगावाट क्षमता का डाटा सेंटर 18 महीनों में पूरा किया जाएगा, साथ ही इस क्षमता को 30 मेगावाट बढ़ाने की भी घोषणा की। उन्होंने 28,440 करोड़ रुपये की टार्क सेमीकंडक्टर्स नोएडा में चिप निर्माण परियोजना की जानकारी भी दी।
अवाडा ग्रुप की उपाध्यक्ष सिंदूर मित्तल ने 20,000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश का ऐलान किया। अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रबंध निदेशक के.सी. झंवर ने बताया कि अलीगढ़, बारा, डाला, दादरी, टांडा, सिकंदराबाद और लखनऊ में विस्तार के बाद अब अलीगढ़, शाहजहांपुर और टांडा में 1,981 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे।
टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी के सीईओ एवं एमडी संजय बंगा ने 13,700 करोड़ रुपये की योजना के तहत दो 800 मेगावाट की अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल पावर यूनिट्स स्थापित करने की घोषणा की। यूपीडीएफ के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने लखनऊ में निवेशक सम्मेलन और दुबई में रोड शो आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। कृष्णानंद समूह लखनऊ और नोएडा में 25 करोड़ रुपये से रेडी मिक्स प्लास्टर प्लांट लगाएगा। ईएन कम्युनिकेशन के राजीव रंजन सिंह ने यीडा में 1500 करोड़ रुपये के निवेश से महाभारत संग्रहालय के निर्माण का प्रस्ताव रखा। रिमेंस डीएसपी इंफ्रा ने लखनऊ में 5 करोड़ रुपये की कोल्ड इमल्शन-आधारित रोड पैच मिक्स प्लांट की योजना बनाई है, जबकि लॉर्ड्स ग्रुप ने रूफ टॉप सोलर फैक्ट्री के लिए 1500 करोड़ रुपये के निवेश का एलान किया। डायसिस इंडिया 10 करोड़ रुपये निवेश कर अपने प्लांट की क्षमता दोगुना करेगी।
बलरामपुर चीनी मिल्स 2,850 करोड़ रुपये से पॉलीलैक्टिक एसिड प्लांट लगाएगी: प्रदेश सरकार ने बलरामपुर चीनी मिल्स के साथ लखीमपुर खीरी के कुंभी चीनी मिल में 250 टन प्रति दिन क्षमता वाले पॉलीलैक्टिक एसिड (पीएलए) प्लांट के लिए 2,850 करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू किया है। इस परियोजना से लगभग 225 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह समझौता इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद और बलरामपुर चीनी मिल्स की कार्यकारी निदेशक अवंतिका सरोगी के बीच संपन्न हुआ।





