- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: सुरक्षा कैमरे...
Lucknow: सुरक्षा कैमरे से खुला राज, चार महीने से परिचित युवक चोरी कर रहा था

लखनऊ: गोमतीनगर इलाके में एक महिला के घर से लगातार हो रही चोरी की गुत्थी तब सुलझी जब उन्होंने घर में होम सिक्योरिटी कैमरा लगवाया। कैमरे में जो सामने आया, वह चौंकाने वाला था—चार महीने से लाखों के गहनों और नकदी की चोरी कोई और नहीं, बल्कि परिवार का पुराना परिचित युवक ही कर रहा था।
विपुलखंड निवासी गुंजन अग्रवाल निजी नौकरी करती हैं और उनके पति शहर से बाहर रहते हैं। उनका बेटा अपूर्व दुकान संभालता है। गुंजन के मुताबिक, बीते कुछ महीनों से घर से कीमती जेवर और नगदी गायब हो रहे थे। 31 जनवरी को एक शादी में जाने के लिए जब उन्होंने पर्स चेक किया तो उसमें रखी करीब 20 ग्राम सोने की चेन, 10 ग्राम लॉकेट, टॉप्स और 40 ग्राम की चार चूड़ियां गायब थीं। गहनों की कुल कीमत करीब छह लाख रुपये आंकी गई।
इतना ही नहीं, एक महीने पहले बेटे अपूर्व के कमरे से भी 40 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे। इसके बाद अपूर्व ने घर में होम सिक्योरिटी कैमरा लगवाया। उसी दिन करीब शाम 4 बजे मोबाइल पर कैमरे से नोटिफिकेशन आया, जिसमें सीतापुर निवासी अंकित सिंह घर के भीतर अलमारी खंगालते हुए दिखाई दिया।
गुंजन ने बताया कि अंकित करीब 10–12 वर्षों से बहन के बनिया मोहाल स्थित घर आता-जाता रहा है, जिससे परिवार में उसकी पहचान पहले से थी। कैमरे में सब कुछ साफ-साफ रिकॉर्ड हो गया। जब उससे पूछताछ की गई, तो वह बातों में उलझाकर चुपचाप घर से निकल गया।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि गुंजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।





