उत्तर प्रदेश

Lucknow: सीएम युवा योजना का जलवा, युवाओं में दिखा आत्मनिर्भरता का जज़्बा

Admindelhi1
22 April 2025 8:49 AM IST
Lucknow: सीएम युवा योजना का जलवा, युवाओं में दिखा आत्मनिर्भरता का जज़्बा
x
"67 दिनों में हर रोज ढाई हजार से अधिक आवेदन"

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप यूपी के युवा अब जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रहे हैं। इसकी गवाही एमएसएमई विभाग के आंकड़े दे रहे हैं। यूपी दिवस पर 24 जनवरी को लांच मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सुपरहिट साबित हो रही है। स्वरोजगार के लिए अभियान के तहत महज 67 दिनों में रिकार्ड 2,07,158 से अधिक आवेदन मिले हैं। यानि स्वरोजगार के लिए हर रोज ढाई हजार से अधिक आवेदन युवाओं ने किए हैं।

मुख्यमंत्री योगी के मिशन रोजगार को एमएसएमई विभाग धरातल पर उतार रहा है। इसका नतीजा है कि सीएम युवा अभियान के तहत एमएसएमई विभाग को मिले आवेदनों में से 1,66,522 आवेदन बैंकों को भेजे गए हैं। जबकि 44,521 आवेदनों को बैंकों ने स्वीकृत कर दिया है और 30,595 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन भी मिल गया है। विभाग ने 121 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी भी स्वीकृत कर दी है। इस बारे में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के प्रमुख सचिव आलोक कुमार ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शासन स्तर से बैंकों के साथ नियमित समन्वय किया जा रहा है, ताकि फाइलें लंबित न रहें और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

साथ ही, विभाग की ओर से तकनीकी प्रशिक्षण, मार्केटिंग सपोर्ट और मेंटरशिप आदि जैसी सहायक सेवाएं भी मुहैया कराई जा रही हैं। आलोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी की “नए भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की अग्रणी भूमिका” के विजन को साकार करने में यह योजना एक मजबूत कड़ी साबित हो रही है। ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक, युवा आज इस अभियान के माध्यम से खुद का उद्यम शुरू कर रहे हैं, जिससे रोजगार सृजन हो रहा है। हमारा लक्ष्य है कि अगले कुछ महीनों में इस अभियान को और विस्तार दिया जाए और 2025-26 में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया जाए।

उन्हाेंने बताया कि 01 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक योजना के तहत निर्धारित 1 लाख के वार्षिक लक्ष्य की तुलना में 1,78,662 आवेदन मिले हैं। इसमें से 1,44,273 आवेदन बैंकों को भेजे गए, जिसमें से 40,492 को स्वीकृत हुए और 28,471 युवाओं को स्वरोजगार के लिए लोन दिया गया। इस दौरान एमएसएमई विभाग की ओर से 113 करोड़ रुपये से अधिक की मार्जिन मनी स्वीकृत की गई, जो युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत कर रही है।एमएसएमई विभाग को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 18 अप्रैल 2025 तक 28,496 आवेदन मिले। इनमें से 22,249 आवेदन बैंकों को भेजे जा चुके हैं, जबकि 4,029 को स्वीकृति मिल चुकी है और 2,124 लाभार्थियों को धनराशि का वितरण हो चुका है। इस अल्प अवधि में ही करीब नाै करोड़ रुपये की मार्जिन मनी स्वीकृत हुई, जो सरकार की तत्परता और युवाओं की भागीदारी दोनों को दर्शाता है।

Next Story