- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: बटलर पैलेस के...
Lucknow: बटलर पैलेस के लिए निकला टेंडर, निजी कंपनियों को सौंपा जाएगा रखरखाव

लखनऊ: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अनुमति के बाद बटलर पैलेस को प्राइवेट हाथों में देने की तैयारी कर ली गयी है। बटलर पैलेस के रखरखाव के लिए जिम्मेदार एलडीए ने इसे प्राइवेट हाथों में देने के लिए ई-टेंडर वेबसाइट पर निकाल दिया है।
एलडीए की ओर से निकाले गये टेंडर में बटलर पैलेस में व्यावसायिक गतिविधियां भी चलायी जा सकती है। इसके लिए एक मुश्त भुगतान करना होगा। जो फर्म टेंडर के अंतर्गत बटलर पैलेस को लेती है, उसे पैलेस की सुंदरता और स्वच्छता को भी बनाकर रखना होगा।
लखनऊ मण्डलायुक्त डॉ.रौशन जैकब ने कुछ दिनों पूर्व ही बटलर पैलेस का निरीक्षण किया था और इसे पर्यटक विभाग के माध्यम से पर्यटन स्थल बनाने की बात कही थी। फिलहाल एलडीए ने स्थायी आकर्षण और सांस्कृतिक समृद्धि के जीवंत स्मारक के रूप में बटलर पैलेस को तैयार करने का कार्य किया और अब इसे प्राइवेट हाथों में देने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
बटलर पैलेस के इतिहास पर नजर डालें तो इसकी आधारशिला 1915 में राजा महमूदाबाद ने रखी थी। इसका निर्माण अवध के डिप्टी कमिश्नर सर स्पेंसर हरकोर्ट बटलर के लिए किया गया था। यह महल डिप्टी कमिश्नर के आधिकारिक निवास के रूप में कार्य करता था। यह एक समय में एक जीवंत प्रतिष्ठान था। आजादी के कुछ वर्षों बाद तक बटलर पैलेस का उपयोग होता रहा। इसके बाद इस पैलेस को धरोहर के रूप पहचाना जाने लगा।





