उत्तर प्रदेश

Lucknow: धूप के चलते तापमान में सुधार, कोहरा होगा कमजोर

Admindelhi1
2 Jan 2026 11:33 AM IST
Lucknow: धूप के चलते तापमान में सुधार, कोहरा होगा कमजोर
x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में नए साल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने करवट ली है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन चढ़ते ही तेज धूप निकलने से गलन और ठिठुरन से लोगों को कुछ राहत मिली। बीते कई दिनों से जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बाद धूप खिलने से कई जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते आगरा और अलीगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के उत्तरी तराई और दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों को छोड़कर शुक्रवार से अगले दो दिनों तक कोहरे की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

हालांकि राहत के बीच पूर्वी तराई क्षेत्रों में कोहरे का खतरा अभी बना हुआ है। कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और देवरिया के लिए शुक्रवार को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के लगभग 40 जिलों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है।

बीते 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान के मामले में बाराबंकी प्रदेश में सबसे ठंडा जिला रहा, जहां रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री और हरदोई में 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से फिलहाल तापमान में गिरावट का सिलसिला थम गया है। आने वाले तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड से और राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग ने लोगों को कोहरे के दौरान सतर्क रहने, खासकर सुबह और रात के समय वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Next Story