- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: पुलिस चौकी पर...

लखनऊ: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र स्थित हंसखेड़ा पुलिस चौकी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला ने चौकी के बाहर ताला जड़ दिया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यही नहीं, यह वीडियो महिला ने खुद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया है।
वीडियो में महिला यह कहती नजर आ रही है कि वह पिछले दो महीने से चौकी के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। इसी नाराजगी में उसने पुलिस चौकी में ताला लगाने का कदम उठाया।
इससे पहले भी, 8 नवंबर 2024 को महिला द्वारा चौकी परिसर में चाकू लहराते हुए वीडियो बनाने और उसे वायरल करने का मामला सामने आ चुका है। महिला पर पहले भी शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की जा चुकी है।
एडीसीपी पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि वायरल वीडियो कितना पुराना है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पारा पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चौकी पर ताला लगाने की इस हरकत को गंभीरता से लिया जा रहा है।





