- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: लोकार्पण के...
Lucknow: लोकार्पण के दो माह बाद टूटी प्रतिमा की तलवार, पुलिस ने संभाला मोर्चा

लखनऊ: महाराणा प्रताप चौराहे पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा में लगी तलवार का ऊपरी हिस्सा असामाजिक तत्वों ने देर रात तोड़ दिया। घटना से इलाके के लोगों में गुस्सा है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि प्रतिमा के साथ शरारती तत्वों ने छेड़छाड़ की है। पुलिस ने सूचना मिलते ही सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। तीन घंटे के अंदर तलवार की मरम्मत करा दी। प्रतिमा का हाल ही में सौंदर्यीकरण कराया गया था। 9 मई 2025 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसी प्रतिमा का लोकार्पण किया था।
प्रतिमा के नीचे ढाल और दो तलवारें लगी हैं, जिनमें से एक की धार और ऊपरी हिस्सा तोड़ा गया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि देर रात किसी ने तलवार को तोड़ा है। यह भी हो सकता है कि तलवार को चोरी करने की नीयत से ऐसा किया गया हो।
लोगों ने मौके पर पहुंचकर आक्रोश जताया और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की। 9 मई को महाराणा प्रताप जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हुसैनगंज चौराहे का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौराहा किया था। उन्होंने कहा था कि महाराणा प्रताप की वीरता और आत्मबलिदान हर भारतवासी के लिए प्रेरणा स्त्रोत है। सीएम ने यह भी कहा था कि अकबर की विशाल सेना भी उनकी रणकुशलता के आगे टिक नहीं सकी थी।
हुसैनगंज पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं। हुसैनगंज इंस्पेक्टर रामकुमार गुप्ता ने बताया कि जिस तरह से प्रतिमा से छेड़छाड़ हुई है, वह गंभीर मामला है। जल्द ही दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज गौरव पांडेय की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।





