उत्तर प्रदेश

Lucknow: SIR और फार्म-7 को लेकर सपा का आक्रोश

Admindelhi1
9 Feb 2026 1:41 PM IST
Lucknow: SIR और फार्म-7 को लेकर सपा का आक्रोश
x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत से पहले ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक गर्मी देखने को मिली, जब समाजवादी पार्टी के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।सपा विधायक जाहिद बेग मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और फार्म-7 के मुद्दे को लेकर नारे लिखी तख्तियां हाथ में लेकर विधानसभा पहुंचे और नारेबाजी की। नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा ‘मोना’ भी सपा विधायकों के साथ सरकार के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल रहीं।

बजट सत्र से पहले सपा के विधायक और एमएलसी विधानसभा परिसर में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। इसी क्रम में सपा के एमएलसी आशुतोष सिन्हा साइकिल से विधानसभा पहुंचे। उन्होंने वाराणसी में मंदिर तोड़े जाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र से पहले मीडिया से बातचीत कर सरकार के एजेंडे की जानकारी दी। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही सत्र को लेकर पूरी तैयारी के साथ सदन में पहुंचे हैं।

विधानमंडल के बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण से हुई। अभिभाषण के दौरान विपक्ष द्वारा हंगामे की आशंका पहले से जताई जा रही थी। समाजवादी पार्टी के सदस्य मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण, कोडीन कफ सिरप की तस्करी, विदेश नीति, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेर सकते हैं।कार्यसूची के अनुसार, मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही पूर्व एवं वर्तमान दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देने के बाद बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी जाएगी। बुधवार को राज्य सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेगी।

सत्र को देखते हुए विधानभवन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इससे पहले रविवार को हुई सर्वदलीय बैठक और कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में सभी दलों ने सदन को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग का आश्वासन दिया था।सोमवार को वर्ष 2026 के पहले सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से हुई, जिसके बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दोनों सदनों के संयुक्त सत्र में अभिभाषण पढ़कर सुनाया। इसमें राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का उल्लेख किया गया।

Next Story