उत्तर प्रदेश

Lucknow: करणी सेना के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जताया आक्रोश

Admindelhi1
1 May 2025 3:50 PM IST
Lucknow: करणी सेना के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर जताया आक्रोश
x
करणी सेना पर कार्रवाई की मांग की

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया, कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन मुख्य रूप से सपा के सांसद रामजीलाल सुमन पर हुए हमले के विरोध में किया। बताया जा रहा है कि आक्रोशित कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सीएम योगी के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी भी की।

दरअसल, बीते दिनों, सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर अलीगढ़ में करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया था, बताया जा रहा है कि इस हमले में टायर और पत्थर फेंके गए थे। इसके जवाब में, सपा ने उत्तर प्रदेश में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था।

इसी के तहत आज सपा कार्यकर्ताओं ने कैसरबाग स्थित कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता जूही सिंह ने कहा कि जिस तरह से सपा सांसद पर हमले हो रहे हैं, उससे बीजेपी के दलित विरोधी होने का पता चलता है। यह प्रदर्शन सपा की ओर से योगी सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने का हिस्सा माना जा रहा है।

Next Story