उत्तर प्रदेश

Lucknow: सपा महासचिव का बीजेपी पर हमला, सियासी गलियारों में चर्चा

Admindelhi1
22 Jan 2026 2:54 PM IST
Lucknow: सपा महासचिव का बीजेपी पर हमला, सियासी गलियारों में चर्चा
x

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के महासचिव शिवपाल यादव ने राजधानी लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि BJP न तो संतों का सम्मान करती है और न ही संविधान को मानती है। भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और जनता अब सब कुछ समझ चुकी है।

शिवपाल यादव ने कहा कि संत समाज हमेशा देश को दिशा देने का काम करता रहा है, लेकिन भाजपा सरकार में संतों और परंपराओं का लगातार अपमान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के नशे में संविधान की मूल भावना को भी कमजोर कर रही है।

एआईएमआईआई को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि

“हम अकेले चुनाव लड़े थे, हमने अकेले सरकार बनाई थी और आगे भी समाजवादी पार्टी अपने दम पर सरकार बनाएगी। सपा को किसी सहारे की जरूरत नहीं है।”

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जड़ें जनता के बीच हैं और जनता का भरोसा ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

ब्रजेश पाठक पर सीधा हमला

उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि

“ब्रजेश पाठक अपना विभाग तक ठीक से नहीं चला पा रहे हैं। प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्हें दूसरों पर बयानबाजी करने के बजाय खुद इलाज की जरूरत है।”

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्थाएं चरम पर हैं, मरीजों को इलाज नहीं मिल पा रहा और स्वास्थ्य विभाग केवल कागजों में ही बेहतर दिखाया जा रहा है।

शिवपाल यादव ने कहा कि आने वाले समय में जनता भाजपा सरकार की नीतियों और नाकामियों का जवाब देगी। समाजवादी पार्टी जनता के मुद्दों—महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और शिक्षा—को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Next Story