- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: सहारा क्रेडिट...
Lucknow: सहारा क्रेडिट सोसाइटी ठगी मामला, असिस्टेंट मैनेजर गिरफ्तार

लखनऊ: निवेशकों के करोड़ों रुपये गबन करने के मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। ईओडब्ल्यू टीम ने सहारा क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के असिस्टेंट मैनेजर विकास भटनागर को 23 जनवरी 2026 को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जनपद से गिरफ्तार किया है।
ईओडब्ल्यू द्वारा अपराध की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि विकास भटनागर ने कंपनी के अन्य निदेशकों और पदाधिकारियों के साथ मिलकर निवेशकों के धन को कपटपूर्ण ढंग से हड़प लिया।
सहारा क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के मुख्य कार्यालय कपूरथला, लखनऊ से संचालित कंपनी ने कानपुर, आगरा, अलीगढ़, इटावा, शाहजहांपुर समेत कई जनपदों में शाखाएं खोलकर एजेंटों के माध्यम से आकर्षक योजनाओं का प्रचार किया। इसके जरिए निवेशकों से कुल 14,36,81,345 रुपये का निवेश कराया गया।
समयावधि पूरी होने के बावजूद निवेशकों को उनकी जमा राशि का भुगतान नहीं किया गया और कंपनी के निदेशकों व पदाधिकारियों द्वारा धोखाधड़ी कर धन का गबन कर लिया गया।
मामले में थाना काकादेव, जनपद कानपुर नगर में मु.अ.सं. 65/21 धारा 406/420 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रारंभिक विवेचना के बाद शासनादेश पर जांच ईओडब्ल्यू को सौंपी गई।ईओडब्ल्यू की जांच में कुल 15 अभियुक्त दोषी पाए गए, जिनमें से 14 के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: विकास भटनागर
पिता का नाम: जे.के. भटनागर
स्थायी पता: 414 के-ब्लॉक, किदवई नगर, कानपुर
वर्तमान पता: 498 जोशी निवास, चुन्नी कला, थाना बड़ाली आलासिंह, जनपद फतेहगढ़ साहिब (पंजाब)
पद: असिस्टेंट मैनेजर, आगरा शाखा
ईओडब्ल्यू के अनुसार अन्य आरोपियों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।





