- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: यूपी परिवहन...
Lucknow: यूपी परिवहन निगम में 3200 महिला परिचालकों की भर्ती

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार के निर्देश पर यूपी परिवहन निगम में 3200 महिला परिचालकों की संविदा पर नई भर्ती होने जा रही है। इस भर्ती प्रक्रिया को आगामी 15 जुलाई से 25 जुलाई तक विभिन्न जिलों में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से पूरा किया जाएगा। इससे पहले अप्रैल माह में 1800 महिला परिचालकों की भर्ती की जा चुकी है, जिनमें से 1328 को कार्य पर भी लगा दिया गया है। यह जानकारी प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर करीब 5000 महिला अभ्यर्थियों को सीधे संविदा पर परिचालक के पद पर नियुक्त करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
भर्ती के लिए जरूरी योग्यता
महिला अभ्यर्थियों को कम से कम इंटरमीडिएट पास होना चाहिए।
इसके साथ सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रमाणपत्र अनिवार्य है।
एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट, एनएसएस, भारत स्काउट एंड गाइड के राज्य/राष्ट्रपति पुरस्कार पाने वाली महिला अभ्यर्थियों को 5% वेटेज मिलेगा।
अभ्यर्थी को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना चाहिए।
गृह जनपद में ही मिलेगी पोस्टिंग
महिला अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें उनके गृह जिले के डिपो में ही नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही, पुरुषों के समान मानदेय दरों पर ही महिला परिचालकों को भुगतान किया जाएगा।
यहां होंगे रोजगार मेले
18 जुलाई – गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी
22 जुलाई – मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन, आजमगढ़
25 जुलाई – नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर
25 जुलाई – सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूटधाम, बांदा, प्रयागराज
सभी चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा।
प्रशिक्षण की भी व्यवस्था
महिला अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के अंतर्गत आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। जहां यह सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, वहां परिवहन निगम स्वयं प्रशिक्षण देकर खर्च की प्रतिपूर्ति कराएगा।
1800 महिलाओं को पहले ही मिला मौका
अप्रैल में हुए रोजगार मेलों में पहले चरण में 1800 महिला परिचालकों का चयन किया गया था, जिनमें से 1328 को कार्य पर लगा दिया गया है और शेष अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।





