उत्तर प्रदेश

Lucknow: राष्ट्रपति ने केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद को पद्मश्री से नवाजा

Admindelhi1
28 May 2025 1:28 PM IST
Lucknow: राष्ट्रपति ने केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद को पद्मश्री से नवाजा
x
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने डॉ. सोनिया नित्यानंद को किया सम्मानित

लखनऊ: किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) की कुलपति व प्रख्यात क्लीनिकल हिमैटोलॉजिस्ट और देश की प्रथम महिला बोनमैरो प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. सोनिया नित्यानंद को पद्मश्री सम्मान से नवाजा गया है। दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों पद्मश्री सम्मान मिला। इससे केजीएमयू व चिकित्सा जगत में खुशी की लहर है।

डॉ. सोनिया नित्यानंद ने पीजीआई में वर्ष 1991 में प्रदेश का पहला बोनमैरो ट्रांसप्लांट सेंटर स्थापित किया था। उन्होंने लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और अब केजीएमयू में भी बोनमैरो ट्रांसप्लांट सेंटर की नींव रख दी है। जहां आने वाले समय में ब्लड कैंसर और ए-प्लास्टिक एनीमिया जैसी गंभीर बीमारी को उच्चस्तरीय इलाज मिल सकेगा। डॉ. सोनिया वर्ष 2022 में केजीएमयू की कुलपति बनी।

इससे पहले वह लोहिया संस्थान में निदेशक थी। पीजीआई में हिमैटोलॉजी विभाग की प्रमुख के साथ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। कुलपति को पद्मश्री सम्मान मिलने से केजीएमयू में खुशी की लहर है। प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि यह सम्मान केजीएमयू ही नहीं बल्कि प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। यह सम्मान सभी को और बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करता है। कुलपति ने संस्थान को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम भूमिका निभा रही हैं।

Next Story