उत्तर प्रदेश

Lucknow: सीसीटीवी फुटेज से पुलिस कर रही है उदयगंज बम कांड की जांच

Admindelhi1
22 April 2025 11:27 AM IST
Lucknow: सीसीटीवी फुटेज से पुलिस कर रही है उदयगंज बम कांड की जांच
x
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरों के फुटेज

लखनऊ: हुसैनगंज के उदयगंज की डायमंड डेरी काॅलोनी में रविवार को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। एक दूसरे को जान से मारने की धमकी दी गई। इसी बीच दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर देशी बम से हमले किये। बम के हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। इस मामले में स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने चार नामजद समेत कई पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

इंस्पेक्टर हुसैनगंज रामकुमार गुप्ता के मुताबिक पुराना किला चौकी प्रभारी अवधेश कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। तहरीर के मुताबिक डायमंड डेयरी कालोनी स्थित यादव चाय की दुकान के पास ऋषभ सोनकर, करन समेत कई लोग मौजूद थे। इसी बीच इलाके का अब्दुल तनवीर, मो. नदीम वहां पहुंचे। दोनों पक्षों में अक्सर विवाद होता था। रविवार को भी दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों तरफ से देशी बम चलने लगे। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पर पुलिस पहुंची इसके पहले आरोपी वहां से भाग निकले। आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगी हैं। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर कोई नहीं मिला तो स्थानीय लोगों से पूछताछ कई गई। उन्होंने बताया कि विवाद में ऋषभ सोनकर, करन, अब्दुल तनवीर, मो. नदीम समेत अन्य लोग मौजूद थे। उनके खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। जांच के दौरान अन्य को शामिल किया जाएगा।

Next Story