उत्तर प्रदेश

Lucknow: ईरान के समर्थन में लोगों ने खोला मदद का रास्ता

Admindelhi1
24 March 2026 7:59 PM IST
Lucknow: ईरान के समर्थन में लोगों ने खोला मदद का रास्ता
x

लखनऊ: ईरान और इज़रायल के बीच जारी तनाव के बीच राजधानी लखनऊ में शिया समुदाय द्वारा ईरान के समर्थन में आर्थिक सहायता जुटाने का अभियान चलाया जा रहा है। शहर स्थित दरगाह हजरत अब्बास में इसके लिए QR कोड स्कैनर लगाया गया है, जिसके माध्यम से लोग सीधे आर्थिक मदद भेज रहे हैं।

बताया जा रहा है कि इस पहल में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। कई महिलाओं ने अपने जेवर तक बेचकर सहायता दी, जबकि छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी गुल्लक तोड़कर पैसे दान किए। मौके पर भावुक दृश्य भी देखने को मिले, जहां कुछ महिलाएं रोती नजर आईं और ईरान की हर संभव मदद करने की बात कही।

दरगाह के अध्यक्ष मीसम रिजवी के अनुसार, QR कोड के जरिए भेजी जा रही राशि सीधे ईरान दूतावास से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि नकद राशि भेजने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं, जिसके समाधान के लिए ईरान एंबेसी और सांस्कृतिक केंद्र से संपर्क किया जा रहा है, ताकि उनका प्रतिनिधि आकर सहायता राशि प्राप्त कर सके।

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान में हुए हमलों में मारे गए लोगों, विशेषकर बच्चों, की याद में यहां के बच्चे अपनी बचत दान कर रहे हैं।

मीसम रिजवी ने भारत और ईरान के बीच पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान ने हमेशा भारत की ऊर्जा जरूरतों में सहयोग किया है। इसी आधार पर लोग इंसानियत के नाते मदद के लिए आगे आ रहे हैं। साथ ही उन्होंने अमेरिका और इज़रायल की सैन्य कार्रवाई का विरोध भी जताया।

Next Story