- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: मेडिकल कालेज...
Lucknow: मेडिकल कालेज में रेनोवेशन के लिए शिफ्ट मरीज दो वार्डों में होंगे भर्ती

लखनऊ: मेडिकल कालेज में सम्बद्ध जिला संयुक्त चिकित्सालय के रेनोवेशन कार्य को गति देने के लिए मरीजों को नए अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। इसको ध्यान में रखकर नए अस्पताल के दो वार्डों की समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
मेडिकल कॉलेज से सम्बद्ध जिला चिकित्सालय में संचालित रेनोवेशन कार्य में लेटलतीफी से मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों व अन्य स्टाफ को दिक्कतें हो रही थीं। इस संबंध में तमाम शिकायतों के पश्चात जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने जिला संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया था। यहां तमाम खामियां मिली थीं। तमाम शौचालय बंद थे। वार्ड अधूरे छोड़े जाने के कारण मरीजों को गैलरी में लिटाया गया था। जिलाधिकारी ने कुछ मरीजों को नए अस्पताल में शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद स्वशासी मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डा. द्विजेंद्रनाथ ने मरीजों को डेंगू वार्ड में शिफ्ट करके नवीन मेडिकल कालजे के दो वार्डों को मरीजों के लिए तैयार कराना शुरू कर दिया था। प्रत्येक वार्ड में 30-30 मरीजों के लिहाज से इंतजाम किया जा रहा है। इसके अलावा नवीन अस्पताल में दवाइयों सहित इंजेक्शन आदि की व्यवस्था की गयी।
नपा से साफ कराएंगे शौचालय व चैंबर: शौचालयों के क्रियाशील होने में विलंब को भांपते हुए जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने पुराने चैंबरों और चोक शौचालयों की सफाई कराने के निर्देश निरीक्षण करते समय दिए थे। इसको ध्यान में रखकर स्वशासी मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डा. द्विजेंद्रनाथ ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखा है। जिसमें इमरजेंसी विभाग का शौचालय व चैंबर, होम्योपैथिक बिल्डिंग के पास चैंबर, हीट स्ट्रोक वार्ड में तीन शौचालयों व चैबर, कम्बाइंड व बच्चा वार्ड, महिला चिकित्सालय के पीएनसी व सर्जिकल वार्ड तथा ओपीडी ग्राउंड, ब्लड बैंक के पास चोक शौचालयों व चैंबरों की सफाई करवाने के लिए कहा गया है।





