उत्तर प्रदेश

Lucknow: वृद्धा की गला रेतकर हत्या

Admindelhi1
26 March 2025 10:12 AM IST
Lucknow: वृद्धा की गला रेतकर हत्या
x
"खेत में मिला अर्धनग्न शव"

Lucknow: गोसाईंगंज इलाके के एक गांव में झोपड़ी में सो रही 55 वर्षीय वृद्धा की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दोपहर उसका खून से लथपथ अर्धनग्न शव गांव के पास सरसों के खेत में पड़ा मिला। मृतका के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए। घटनास्थल पर संघर्ष के भी निशान मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वृद्धा ने जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। पुलिस ने मौके पर जांच की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस दुष्कर्म की आशंका समेत अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है।

झोपड़ी से अचानक गायब हुई थी वृद्धा, खेत में मिला शव

गोसाईंगंज इलाके के एक गांव में वृद्धा अपने पति और बेटे के साथ झोपड़ी में रहती थी। पति के मुताबिक, रविवार रात वे सभी झोपड़ी में सोए थे, लेकिन सोमवार सुबह 5:30 बजे जब उसकी आंख खुली तो पत्नी झोपड़ी में नहीं थी। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। पूरी रात इंतजार के बाद मंगलवार दोपहर 12 बजे गोसाईंगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उसी दिन शाम करीब 4 बजे झोपड़ी से 100 मीटर दूर सरसों के खेत में वृद्धा का शव मिला।

शव देखकर पति बदहवास, कपड़े अस्त-व्यस्त और शरीर पर गहरे घाव

जब पति मौके पर पहुंचा तो देखा कि वृद्धा के कपड़े अस्त-व्यस्त थे और गले व चेहरे से खून निकल रहा था। शव के आसपास खेत में फसल टूटी पड़ी थी, जिससे साफ है कि महिला ने जान बचाने के लिए हत्यारे से संघर्ष किया था। पुलिस को शक है कि वारदात में दो या उससे अधिक लोग शामिल हो सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों ने किया मौका मुआयना, हर पहलू की हो रही जांच

हत्या की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज थाने की पुलिस टीम के साथ डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल, एडीसीपी अमित कुमावत और एसीपी ऋषभ रुणवाल मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं। डीसीपी साउथ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर संभावित बिंदु पर जांच कर रही है।

17 दिन में गोसाईंगंज में 3 महिलाओं की हत्या, पुलिस पर उठे सवाल

गोसाईंगंज इलाके में बीते 17 दिनों में 3 महिलाओं की हत्या हो चुकी है। इनमें से पुलिस ने केवल एक मामले का ही खुलासा किया है

1. 13 मार्च: सलौली गांव के झारखंडेश्वर मंदिर परिसर में रहने वाली महाराजा (85) की हत्या हुई थी, लेकिन पुलिस अभी तक इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।

2. 16 मार्च: कपेरा मदारपुर गांव में जगराना (65) की हत्या हुई थी, जिसका खुलासा दो दिन पहले पुलिस ने कर दिया। इस मामले में गांव के एक विधि छात्र को गिरफ्तार किया गया है।

3. 25 मार्च: मंगलवार को हुई वृद्धा की हत्या ने पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती दे दी है।

महाराजा हत्याकांड से जुड़ी हो सकती है वृद्धा की हत्या

पुलिस इस घटना को 13 मार्च को झारखंडेश्वर मंदिर परिसर में हुई महाराजा की हत्या से जोड़कर देख रही है, क्योंकि दोनों घटनास्थलों के बीच की दूरी सिर्फ आधा किलोमीटर है। आशंका है कि वृद्धा को महाराजा की हत्या के बारे में कुछ अहम जानकारी थी, जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस इस पहलू पर भी गहराई से जांच कर रही है।

Next Story