- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: राजस्व परिषद...
Lucknow: राजस्व परिषद में तैनात IAS अभय सिंह पर मां ने लगाया आरोप

लखनऊ: आईएएस अधिकारी अभय सिंह पर उनकी मां रेखा सिंह ने मकान कब्जा करने और मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। रेखा सिंह ने इस मामले की शिकायत राजस्व परिषद के चेयरमैन से की है और पत्र में बताया कि राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित उनके मकान पर उनका बेटा अभय सिंह और उसकी पत्नी पहुँचे, गाली-गलौज की, धमकी दी और मारपीट की। पत्र में यह भी कहा गया कि सीसीटीवी तोड़ दिया गया और जान जाने के डर से उन्हें कमरे में बंद होना पड़ा।
रेखा सिंह ने दावा किया कि उनके पास मैसेज, ऑडियो और वीडियो के रूप में उत्पीड़न और धमकाने के प्रमाण हैं। इस शिकायत को राजस्व परिषद के चेयरमैन ने प्रमुख सचिव नियुक्ति विभाग को भेज दिया। विभाग ने आईएएस अभय सिंह से उनका पक्ष मांगा है।
अभय सिंह 2007 बैच के यूपी काडर के अधिकारी हैं। उनका नाम पहले भी खनन घोटाले में सामने आया था। बुलंदशहर में डीएम रहते हुए उनकी आवास पर सीबीआई छापेमारी हुई थी, जिसमें लगभग 50 लाख रुपये नकद पाए गए थे। वर्तमान में वे राजस्व परिषद में तैनात हैं।
अभय सिंह और उनकी पत्नी माधवी अभय सिंह सोमवंशी ने आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी मां छोटे बेटे और उसकी पत्नी के प्रभाव में हैं और कई संपत्तियों को गलत तरीके से पेश कर रही हैं। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी को पुलिस के साथ चित्तौड़गढ़ आए थे और पहले ही एफआईआर दर्ज करवाई थी। अभय ने कहा कि उन्हें बुधवार को नियुक्ति विभाग का पत्र प्राप्त हुआ है।





