उत्तर प्रदेश

Lucknow: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

Admindelhi1
17 April 2025 1:50 PM IST
Lucknow: संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप
x
"ससुरालवालों पर दहेज हत्या का मुकदमा"

लखनऊ: महानगर कोतवाली क्षेत्र के रहीमनगर में 25 वर्षीय विवाहिता नमिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायकेवालों ने इसे दहेज हत्या बताते हुए ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।

सीतापुर के महौली बड़ागांव ढकिया निवासी नमिता की शादी मई 2021 में रहीमनगर निवासी रवि वर्मा से हुई थी, जो एक निजी कंपनी में मैनेजर हैं। नमिता के पिता गोवर्धन के अनुसार, शादी के बाद से ही रवि और उनके परिवारजन बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की चेन और अंगूठी की मांग को लेकर नमिता को प्रताड़ित कर रहे थे।

रविवार को नमिता ने अपनी मां शांति देवी को फोन कर बताया था कि वह रहीमनगर पुलिस चौकी में ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर लौटी हैं और अब घर आ रही हैं। लेकिन अगले दिन, सोमवार शाम को ससुराल से फोन आया कि नमिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

मायकेवालों को जैसे ही सूचना मिली, वे मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए गोवर्धन की तहरीर पर पति रवि वर्मा, सास, ससुर और दो देवरों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

Next Story