- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: AKTU में...
Lucknow: AKTU में प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन

लखनऊ: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में शुक्रवार से दो दिवसीय इनक्यूबेटर मैनेजर ट्रेनिंग कार्यक्रम की शुरूआत हुई। नेक्सस स्टार्टअप हब अमेरिका, स्टार्ट ईन यूपी एवं एकेटीयू के इनोवेशन हब के सहयोग से आयोजित हुए इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से जुड़े इन्क्युबेशन सेंटर के मैनेजर्स बेहतर ढंग से इन्क्युबेशन सेंटर को संचालित करने के बारे में बताया गया।
साथ ही अमेरिका के स्टार्टअप इकोसिस्टम की जानकारी दी गयी। जिसे अपनाकर यहां भी स्टार्टअप को बढ़ावा दिया जा सकता है। कुलपति प्रोफेसर जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि प्रमुख सचिव सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग अनुराग यादव ने किया। इस मौके पर अनुराग यादव ने कहा कि सरकार की ओर से इनोवेशन और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाये गये हैं। फंड के अलावा कई योजनाएं भी अमल में लायी गयी हैं। ताकि प्रदेश के युवा स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ें।
उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों बड़े लोकतांत्रिक देश हैं। अमेरिका विकसित देश है तो भारत विकसित होने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। इस दौरान देश ने बहुत कुछ हासिल किया। उन्होंने कहा कि भारत न केवल जनसंख्या में बड़ा है बल्कि नेटवर्क और अर्थव्यवस्था में भी काफी विस्तारित है। ऐसे में यहां स्टार्टअप के लिए बहुत अवसर है। प्रदेश में ऐसे बहुत से स्टार्टअप हैं जो बिना किसी प्रकार का प्रोडक्शन किये सफलता के नये आयाम गढ़ रहे हैं।
इस दिशा में तकनीकी ने अहम भूमिका निभाई है। जरूरत है समस्याओं को देखने और उसके स्थाई समाधान देने की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम निश्चित ही स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में मदद करेगा। दो दिनों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर टेनर अमेरिका के ग्लेन रॉबिन्सन ने इन्क्युबेशन मैनेजर्स से अपने अनुभव साझा किये।





