- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: KGMU में बड़ी...
Lucknow: KGMU में बड़ी सुविधा, ट्रॉमा सेंटर में फ्री इलाज 24×7

लखनऊ: किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मरीजों और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अब 24 घंटे तक शुरुआती इलाज निशुल्क मिलेगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में जुटा है, जिसे 26 जनवरी से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई योजना के तहत ट्रॉमा सेंटर में आने वाले मरीज का परचा बनते ही उसका एक वर्चुअल खाता खोला जाएगा। पहले चरण में इस खाते में 10 हजार रुपये डाले जाएंगे। इसी राशि से मरीज की जांच और दवाओं की रसीदें जारी की जाएंगी। जरूरत पड़ने पर खाते में अतिरिक्त धनराशि भी डाली जाएगी, ताकि इलाज में किसी तरह की बाधा न आए।
इस योजना का लाभ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती सभी मरीजों और घायलों को मिलेगा। हालांकि, इंप्लांट का खर्च इस निशुल्क इलाज व्यवस्था में शामिल नहीं होगा।
नई प्रणाली को सुचारु रूप से लागू करने के लिए परचा और रसीद से जुड़े कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से संस्थान पर हर माह करीब 2 से 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा, लेकिन इससे आपातकालीन मरीजों को तत्काल इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा।
KGMU प्रशासन का मानना है कि इस पहल से गंभीर रूप से घायल मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी और इलाज में होने वाली देरी भी कम होगी





