उत्तर प्रदेश

Lucknow: नौकरानी ने बुजुर्ग दंपति पर किया चाकू से हमला

Admindelhi1
15 April 2025 11:05 AM IST
Lucknow: नौकरानी ने बुजुर्ग दंपति पर किया चाकू से हमला
x
कीमती सामान भी ले उड़ी

लखनऊ: हजरतगंज के वजीर हसन रोड स्थित क्लाउड नाइन अपार्टमेंट में रहने वाले बुजुर्ग दंपति पर उनकी नौकरानी ने अपने साथियों संग चाकू से हमला कर दिया और घर से कीमती सामान व नकदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित चरणप्रीत सिंह बग्गा, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने हजरतगंज थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित चरणप्रीत सिंह फ्लैट नंबर 603 और 604 में अपनी पत्नी सुकवीन बग्गा के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि तीन महीने पहले एक सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के जरिए मुस्कान नाम की नौकरानी को रखा था। कुछ समय बाद ही मुस्कान ने बदतमीजी शुरू कर दी थी। 12 अप्रैल की सुबह वह जबरन अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में घुस आई और जेवरात, नकदी समेत अन्य कीमती सामान बैग में भरकर ले गई।

सीसीटीवी फुटेज में पूरी वारदात कैद हुई है। चरणप्रीत ने बताया कि मुस्कान ने बिना इजाजत अपनी मां, मौसी और एक अन्य युवक को भी घर में घुसाया। वह उन्हें बेडरूम तक ले गई, जहां दंपति सो रहे थे। मुस्कान ने चाकू से उनकी पत्नी पर हमला किया और इसी दौरान गले की चेन भी छीन ली। जब चरणप्रीत की नींद खुली तो मुस्कान ने उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया और फरार हो गई।

पुलिसकर्मी बनकर दी गई धमकी

रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद मुस्कान के साथी ने खुद को पुलिसकर्मी धीरेंद्र प्रताप सिंह बताकर चरणप्रीत को फोन किया और केस वापस लेने की धमकी दी। रविवार को एक बार फिर उसी शख्स ने सुकवीन बग्गा के मोबाइल पर कॉल कर केस वापस लेने का दबाव बनाया और जान से मारने की धमकी दी।

इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि पूरे मामले में दो मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डाला चालक को हॉर्न बजाना पड़ा भारी, दबंगों ने पीटा

लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र के सभा खेड़ा निवासी महेश कुमार को सड़क पर खड़ी गाड़ी के कारण हॉर्न बजाना इतना महंगा पड़ गया कि दबंगों ने उन्हें पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।

महेश डाला चलाते हैं। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह सामान लेकर निकल रहे थे। सीमा ट्रेडर्स के पास कुछ लोग गाड़ी खड़ी कर बातें कर रहे थे। जब महेश ने रास्ता देने को कहा और हॉर्न बजाया तो वहां खड़े राहुल त्रिपाठी और उसके साथियों को यह नागवार गुजरा।

महेश जब डाले को कच्चे रास्ते से निकालने लगे तो वह कीचड़ में फंस गया। इसी बीच राहुल और उसके साथियों ने हमला कर दिया और बुरी तरह से पीटा।

महेश को इलाज के लिए सभा खेड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कल्ली चौकी प्रभारी प्रभात बालियान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Next Story