उत्तर प्रदेश

Lucknow: जिलों में बाढ़ का असर, अभियान प्रभावित

Admindelhi1
30 Aug 2025 11:02 AM IST
Lucknow: जिलों में बाढ़ का असर, अभियान प्रभावित
x

लखनऊ: प्रदेश के 27 जिलों में 10 से 28 अगस्त तक चले इस अभियान के दौरान औसतन 80 प्रतिशत आबादी को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई गई। अब छूटे हुए लोगों को दवा देने और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने के लिए पांच सितंबर तक मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा।

राज्य फ़ाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने बताया कि इस बार भारी बारिश और कुछ जिलों में आई बाढ़ की वजह से अभियान प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर टीमें समय से नहीं पहुंच सकीं। इन परिस्थितियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि कोई भी बच्चा या व्यक्ति छूट न पाए।

शुक्रवार को सभी 27 जिलों के जिला मलेरिया अधिकारियों ( डीएमओ ) के साथ समीक्षा बैठक में डॉ.चौधरी ने निर्देश दिए कि मॉप-अप राउंड के दौरान छूटे घरों और परिवारों तक विशेष रूप से पहुंचें। जिन स्कूलों में टीमें अब तक नहीं पहुंच पाए हैं,वहां जाकर बच्चों को दवा खिलाना सुनिश्चित करें। दवा खाने से इनकार करने वाले परिवारों को समझाने के लिए प्रधान व कोटेदार का सहयोग लें। जिन प्लानिंग यूनिट्स का कवरेज कम है,वहां डीएमओ फोकस करें और पांच सितंबर तक शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करें।

डॉ. चौधरी ने कहा कि फ़ाइलेरिया उन्मूलन का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हर व्यक्ति को दवा खिलाई जाएगी। यह बीमारी केवल सामूहिक प्रयासों से ही समाप्त की जा सकती है। ” उन्होंने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और समुदाय से अपील की कि वे इस राउंड में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें और अभियान को सफल बनाएं। माप अप राउंड में शत प्रतिशत टीमों का सभी स्तरों से सघन पर्यवेक्षण करें।

Next Story