उत्तर प्रदेश

Lucknow: प्रेम प्रसंग बना खूनी खेल, पिता और बेटे ने मिलकर की हत्या

Admindelhi1
19 Jun 2025 10:16 AM IST
Lucknow: प्रेम प्रसंग बना खूनी खेल, पिता और बेटे ने मिलकर की हत्या
x

लखनऊ: रहीमाबाद के हामिदखेड़ा मवई कला गांव में टैक्सी चालक संजय (40) की बेरहमी से की गई हत्या के पीछे प्रेम और बदले की खौफनाक कहानी सामने आई है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेमिका के पूर्व पति सुनील और उसके 19 वर्षीय बेटे दिव्यांशु को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, संजय का प्रेम संबंध मीरा नाम की महिला से था, जो पहले से शादीशुदा थी और कभी सुनील की पत्नी थी। सुनील ने दो साल पहले पत्नी को छोड़ दिया था, लेकिन जब मीरा ने संजय के साथ रहना शुरू कर दिया तो सुनील के अंदर बदले की आग जल उठी। इसी रंजिश में उसने अपने बेटे के साथ मिलकर संजय की हत्या की योजना बनाई।

वारदात की पूरी कहानी: रविवार की रात संजय अपने घर पर मां रामदुलारी और बच्चों के साथ सो रहा था। रात के वक्त अचानक दरवाजा खटखटाने की आवाज आई। जैसे ही दरवाजा खोला, सामने सुनील और उसका बेटा दिव्यांश खड़े थे। दोनों ने घर में घुसते ही हमला बोल दिया। विरोध करने पर संजय की मां को पीटा और गला दबाने की कोशिश की। शोरगुल सुनकर संजय बाहर आया तो हमलावरों ने उस पर गड़ासे और छुरी से हमला कर दिया।

संजय जान बचाने के लिए भागते हुए गांव से नहर तक पहुंचा और नहर में कूद गया, लेकिन दोनों आरोपी भी उसके पीछे नहर में कूद गए और उसे बाहर खींचकर बेरहमी से काट डाला।

आरोपियों की गिरफ्तारी और सबूत बरामद: एडीसीपी उत्तरी जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि आरोपी सुनील और दिव्यांश मड़ियांव के ताड़ीखाना नायक नगर के निवासी हैं। दोनों को मंगलवार दोपहर हरदोई-लखनऊ रोड स्थित जालामऊ मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त गड़ासा, छुरी और बाइक भी बरामद हुई है।

पुराना रिश्ता बना मौत की वजह: इंस्पेक्टर रहीमाबाद आनंद द्विवेदी के अनुसार, संजय की शादी 12 साल पहले रानी नाम की महिला से हुई थी, लेकिन वह अपने बचपन की प्रेमिका मीरा के संपर्क में आ गया। इस वजह से रानी अपने तीन बच्चों के साथ मायके चली गई। उधर, मीरा ने भी संजय को पति मानते हुए उसके साथ रहना शुरू कर दिया।

मीरा कभी सुनील की पत्नी थी और जब उसने संजय के साथ रहना शुरू किया, तो सुनील उसे मारने की धमकियां देने लगा। दोनों ने शादी भी कर ली थी, जिससे सुनील का गुस्सा और बढ़ गया। इसी कारण उसने बेटे के साथ मिलकर संजय की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।

Next Story