उत्तर प्रदेश

Lucknow: उदयगंज चौराहा और चौक में नई शराब की दुकान खोलने से स्थानीय लोग भड़के

Admindelhi1
2 April 2025 10:08 AM IST
Lucknow: उदयगंज चौराहा और चौक में नई शराब की दुकान खोलने से स्थानीय लोग भड़के
x
"स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे"

लखनऊ: राजधानी के हुसैनगंज क्षेत्र में उदयगंज चौराहे के पास शराब की दुकान खुलने से स्थानीय लोग भड़क उठे और सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने दुकान बंद करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद आश्वासन मिलने पर लोगों ने विरोध समाप्त कर दिया और अपने-अपने घर व दुकानों की ओर लौट गए।

नई आबकारी नीति से नाराजगी

एक अप्रैल से लागू हुई नई आबकारी नीति के तहत कुछ पुरानी दुकानों को बंद कर दिया गया, जिसके स्थान पर नई शराब की दुकानें खोली जा रही हैं। ऐसा ही मामला हुसैनगंज के उदयगंज चौराहे पर सामने आया, जहां नियमों की अनदेखी कर शराब की दुकान खोली जा रही थी। जैसे ही यह खबर स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों को मिली, वे आक्रोशित होकर सड़क पर उतर आए और आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

सीएम योगी की छवि धूमिल करने का आरोप

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आबकारी विभाग की यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को धूमिल करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि नई नीति के तहत नियमों की अनदेखी की जा रही है और ऐसी जगहों पर शराब की दुकानें खोली जा रही हैं, जहां लोगों को असुविधा हो रही है। व्यापारियों ने याद दिलाया कि सीएम के निर्देशानुसार मंदिर और मस्जिद से 500 मीटर के दायरे में शराब व मीट की दुकान नहीं खोली जानी चाहिए, लेकिन यहां यह नियम तोड़ा जा रहा है। विरोध के बाद पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

चौक क्षेत्र में भी विरोध

हुसैनगंज के अलावा चौक इलाके में भी नई शराब की दुकान खोलने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। चौक के कोनेश्वर स्थित हनुमान मंदिर के पीछे शराब की दुकान खोली जा रही थी, जिसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग एकजुट होकर सड़क पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। फिलहाल विवाद को देखते हुए दुकान को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

Next Story