- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: बीजेपी के...
Lucknow: बीजेपी के जिलाध्यक्षों की लिस्ट 16 मार्च को जारी होगी

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 16 मार्च को अपने जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी करने जा रही है। यह फैसला बुधवार शाम पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में लिया गया, जिसमें प्रदेश चुनाव अधिकारी महेंद्रनाथ पांडेय सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में तय किया गया कि जिलाध्यक्षों की घोषणा एक विशेष बैठक में की जाएगी, जिसमें जिला, क्षेत्र और प्रदेश के पदाधिकारी भाग लेंगे।
75 से 80 जिलाध्यक्षों की पहली सूची होगी जारी
बीजेपी संगठन ने 98 जिलों में नए जिलाध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। पहले चरण में 75 से 80 जिलाध्यक्षों की घोषणा होगी, जबकि बाकी जिलों के लिए नामों का चयन आगे किया जाएगा। पार्टी ने इस बार दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को अधिक भागीदारी देने के लिए नियमों में कुछ बदलाव भी किए हैं।
15 मार्च की रात या 16 की सुबह जिलों में पहुंचेंगे पदाधिकारी
सूत्रों के मुताबिक, सभी जिला चुनाव अधिकारी, वरिष्ठ पदाधिकारी, पर्यवेक्षक और मंत्री 15 मार्च की रात या 16 मार्च की सुबह अपने-अपने जिलों में पहुंचेंगे। वहां बैठक के बाद जिलाध्यक्षों की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि इस सूची में कई चौंकाने वाले नाम सामने आ सकते हैं।
घोषणा में देरी के पीछे आपसी खींचतान और सामाजिक समीकरण
बीजेपी संगठन में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति 30 दिसंबर तक पूरी होनी थी, लेकिन आंतरिक खींचतान और सामाजिक समीकरणों के कारण इसमें देरी हो गई। कई जिलों में अध्यक्ष पद को लेकर सहमति नहीं बन पाई, जिसके चलते अब तक सूची जारी नहीं हो सकी थी।
बैठक में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
बुधवार को हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, सह चुनाव प्रेक्षक संजय भाटिया और संजीव चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संभावित जिलाध्यक्षों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई और सूची को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेज दिया गया।
अब 16 मार्च को देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी किन नए चेहरों को जिलों की कमान सौंपती है और संगठनात्मक ढांचे में क्या बदलाव होते हैं।





