- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: जापान और यूपी...
Lucknow: जापान और यूपी में औद्योगिक साझेदारी पर सहमति

लखनऊ: भारत-जापान के बीच मजबूत होती रणनीतिक साझेदारी को और गति देने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जापान के यामानाशी प्रांत के उप-राज्यपाल जुनिची इशिडोरा के नेतृत्व में आए आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की।
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रांत के बीच औद्योगिक सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा, नवाचार, क्षमता निर्माण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई ऊंचाई देने पर विस्तृत चर्चा हुई।
सीएम योगी बोले- भारत-जापान संबंध साझा मूल्यों पर आधारित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत-जापान संबंध केवल कूटनीतिक नहीं हैं, बल्कि यह साझा मूल्यों, विश्वास और सतत विकास की भावना पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस रणनीतिक साझेदारी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
बैठक में विशेष रूप से वर्ष 2024 में यूपी सरकार और यामानाशी प्रांत के बीच हुए एमओयू (समझौता ज्ञापन) के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2024 पर जोर, पायलट परियोजना बनी उपलब्धि
सीएम योगी ने बताया कि यह एमओयू ग्रीन हाइड्रोजन, स्वच्छ ऊर्जा, क्षमता निर्माण और सतत औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में सहयोग का मजबूत आधार तैयार करता है।
उन्होंने कहा कि ग्रीन हाइड्रोजन नीति-2024 के तहत प्रदेश में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण बनाया गया है और इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी यूपीनेडा (UPNEDA) को सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में ग्रीन हाइड्रोजन पायलट परियोजना के वाणिज्यिक संचालन को प्रदेश की बड़ी उपलब्धि बताया।
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने यूपी के प्रयासों की सराहना की
जापान के प्रतिनिधिमंडल ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में यूपी सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की और भविष्य में तकनीकी एवं औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।बैठक में बौद्ध विरासत और पर्यटन सर्किट से जुड़े सांस्कृतिक सहयोग को मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
ODOC योजना को मिलेगा विस्तार, जापान में होगा फूड फेस्टिवल
उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जिला, एक व्यंजन’ (ODOC) योजना को जल्द ही बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। इसके तहत अप्रैल-मई में जापान में फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा।
यह सहमति जापानी प्रतिनिधिमंडल और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के साथ हुई बैठक में बनी। स्थानीय होटल में हुई बैठक में यूपी-जापान के बीच पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग पर भी चर्चा हुई।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आगरा, लखनऊ और वाराणसी जैसे शहरों में गोल्फ कोर्स मौजूद हैं। जापान की गोल्फ परंपरा को देखते हुए खेल पर्यटन में भी सहयोग के अवसर हैं।
अगस्त में 200 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल यूपी आएगा
यामानाशी प्रांत के उप-राज्यपाल जुनिची इशिडेरा ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जापान यात्रा एक महत्वपूर्ण अवसर होगी। उन्होंने बताया कि अगस्त में करीब 200 सदस्यों का जापानी प्रतिनिधिमंडल यूपी आएगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, वाणिज्य और सांस्कृतिक सहयोग को और विस्तार मिलेगा।
ग्रीन हाइड्रोजन और अक्षय ऊर्जा में निवेश अवसरों की तलाश
इन्वेस्ट यूपी के सहयोग से जापान के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने ऊर्जा विभाग और यूपीनेडा के साथ स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास को लेकर संवाद किया।
बैठक में यामानाशी सरकार के सलाहकार नरेंद्र उपाध्याय और कानाडेविया कॉर्पोरेशन व किंकी निप्पॉन टूरिस्ट कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी विचार साझा किए।
अपर मुख्य सचिव नरेंद्र भूषण और यूपीनेडा के निदेशक इंदरजीत सिंह ने यूपी के हरित ऊर्जा विजन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन और नवकरणीय ऊर्जा को प्राथमिकता दी जा रही है।





