उत्तर प्रदेश

Lucknow: चारबाग रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़

Admindelhi1
18 Feb 2025 4:48 PM IST
Lucknow: चारबाग रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
x
ट्रेनों के निरस्तीकरण से बढ़ी अफरा-तफरी

लखनऊ: प्रयागराज महाकुंभ में उमड़ रही भारी भीड़ के चलते चारबाग रेलवे स्टेशन से चलने वाली 10 मेला स्पेशल ट्रेनों को 20 फरवरी तक निरस्त कर दिया गया है। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। सोमवार को स्टेशन के प्लेटफार्म, सीढ़ियों और यहां तक कि रेलवे ट्रैक तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

अव्यवस्था के बीच यात्रियों की जान जोखिम में: स्टेशन पर भीड़ इतनी ज्यादा थी कि प्लेटफार्म नंबर 2 पर धक्का-मुक्की होने लगी। कुछ यात्री ट्रेन का इंतजार करते हुए ट्रैक तक उतर आए, जबकि कुछ सीट पाने की कोशिश में पटरियों पर दौड़ते नजर आए। इस दौरान यात्रियों को रोकने या गाइड करने के लिए रेलवे प्रशासन का कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। हल्का सा धक्का लगने से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था।

निरस्त की गई प्रमुख ट्रेनें

उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि महाकुंभ की भीड़ के कारण कई ट्रेनों को रद्द किया गया है।

ये ट्रेनें 20 फरवरी तक निरस्त रहेंगी

54254/54253: लखनऊ-प्रयागराज संगम (अप-डाउन)

54214/54213: जौनपुर-प्रयागराज संगम-जौनपुर

54375/54376: प्रयाग संगम-जौनपुर-प्रयागराज संगम

अन्य रद्द ट्रेनें

14201/14202: जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी (17-20 फरवरी)

54264: सुल्तानपुर-वाराणसी पैसेंजर (18-20 फरवरी)

54263: वाराणसी-सुल्तानपुर पैसेंजर (17-20 फरवरी)

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि आरक्षित बर्थ वाले यात्री अपना टिकट कैंसिल कराकर पूरा रिफंड प्राप्त कर सकते हैं।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम

चारबाग रेलवे स्टेशन पर बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवानों की तैनाती की गई है। जीआरपी प्रभारी के नेतृत्व में स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जवानों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Story