उत्तर प्रदेश

Lucknow: अस्पताल में भर्ती हत्याकांड का आरोपी फरार, जांच तेज

Admindelhi1
26 May 2025 5:47 PM IST
Lucknow: अस्पताल में भर्ती हत्याकांड का आरोपी फरार, जांच तेज
x
बेटे की हत्या में भेजा गया था जेल

लखनऊ: बलरामपुर अस्पताल में बेटे की हत्या के आराेप में भर्ती बंदी सिपाहियों की अभिरक्षा से फरार हो गया। बंदी के भागने से सिपाहियों के होश उड़ गए। खोजबीन के दौरान बंदी का पता नहीं चलते पर वजीरगंज पुलिस और जेल प्रशासन को सूचना दी गयी। जिसके बाद जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी ने अभिरक्षा में तैनात दो सिपाही और बंदी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है। वहीं, लापरवाही बरतने वाले सिपाहियों की रिपोर्ट बना कर भेजी गई है।

महानगर रहीमनगर निवासी शिव कुमार उर्फ बब्लू (55) ने 22 मार्च को हथौड़े से हमला कर बेटे सौरभ (18) की हत्या की थी। 23 मार्च को महानगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिला जेल में बंद शिव कुमार की तबीयत बिगड़ने पर जेल अस्पताल में उसका इलाज हुआ। हालत में सुधार नहीं होने पर 19 मई को बलरामपुर अस्पताल में बंदी को पुलिस अभिरक्षा में भर्ती कराया गया था।

शनिवार को बंदी की अभिरक्षा में सिपाही रविंद्र कुमार और रविकांत तैनात थे। शिव कुमार की तबीयत में सुधार होने के चलते डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दी थी। सिपाही बंदी के डिस्चार्ज पेपर बनवाने में लग गए। इस बीच मौका पाकर बंदी शिव कुमार अस्पताल से फरार हो गया। वापस आने पर बंदी को गायब देख कर सिपाहियों के होश उड़ गए। सिपाहियों ने वार्ड ब्वॉय की मदद से काफी देर तक अस्पताल में खोजबीन की। बंदी का पता नहीं चलने पर सिपाही रविंद्र कुमार ने जेल प्रशासन और वजीरगंज पुलिस को सूचना दी गई।

इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी ने बताया कि अभिरक्षा में लगे सिपाही रविंद्र कुमार और रविकांत की लापरवाही से बंदी भागा था। दोनों सिपाही जिला कारगर से अभिरक्षा के लिए भेजे गए थे। जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी की तहरीर पर अभिरक्षा में तैनात सिपाहियों और बंदी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। पुलिस की एक टीम ने आरोपी शिव कुमार के महानगर स्थित घर पर दबिश भी दी। लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस बलरामपुर अस्पताल के सभी गेट के सीसी फुटेज खंगाल रही है।

Next Story