उत्तर प्रदेश

Lucknow: 14 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी

Tara Tandi
28 July 2025 5:08 PM IST
Lucknow: 14 जिलों में आज भारी बारिश की चेतावनी
x
Lucknow लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और आज पश्चिमी यूपी में इसका प्रभाव दिखाई देगा। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए उत्तराखंड की सीमा से लगे चार जिलों—सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर—में भारी वर्षा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, पश्चिमी यूपी के 10 अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। साथ ही, 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। रविवार को बुंदेलखंड के कुछ हिस्सों और पश्चिमी यूपी में बारिश हुई। इसमें ललितपुर में सबसे अधिक 78 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं बांदा में 64.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूर्वी यूपी में कल अच्छी बारिश की संभावना
लखनऊ के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर होने के संकेत हैं। इसके बाद मानसूनी रेखा उत्तर की ओर खिसकेगी, जिसके प्रभाव से मंगलवार को पूर्वी यूपी और तराई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
इन क्षेत्रों में बिजली गिरने का खतरा
सहारनपुर, शामली, अलीगढ़, मथुरा, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, हाथरस, कासगंज, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, एटा, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
बारिश से लखनऊ की हवा में सुधार, अगले दो दिन हल्की बूंदाबांदी के आसार
राजधानी लखनऊ में रविवार को सुबह से धूप और छांव का माहौल रहा। घने बादलों के कारण दिन के तापमान में दो डिग्री की कमी आई। गोमती नगर विस्तार और शहर के बाहरी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ीं। शाम तक मौसम सुहावना रहा और बारिश के कारण हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ।
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को लखनऊ में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इससे सोमवार को तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और कमी आ सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो दो डिग्री कम था। वहीं, रात का तापमान 2.4 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था
Next Story