उत्तर प्रदेश

Lucknow: 3.26 करोड़ मतदाताओं की सुनवाई पूरी, अब फाइनल सूची का इंतजार

Admindelhi1
28 March 2026 1:08 PM IST
Lucknow: 3.26 करोड़ मतदाताओं की सुनवाई पूरी, अब फाइनल सूची का इंतजार
x

लखनऊ: राजधानी में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर ) अभियान के तहत 3.26 करोड़ मतदाताओं की सुनवाई पूरी कर ली गई है। इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया ने दावा किया है कि सभी नोटिसों पर 100% कार्रवाई सुनिश्चित की गई है, जिससे मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और सटीक बनाया जा सके।

आयोग के अनुसार, अब अंतिम मतदाता सूची 10 अप्रैल को जारी की जाएगी, जिसमें 13.25 करोड़ से अधिक नाम शामिल होने की संभावना है। इससे पहले सूची में 12.55 करोड़ मतदाता पहले से दर्ज थे, लेकिन व्यापक सत्यापन प्रक्रिया के बाद इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस अभियान के दौरान 2003 की पुरानी सूची से 1.04 करोड़ नामों का मिलान नहीं हो सका, जिसके चलते इन मामलों में विशेष जांच की गई। मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगकर उनके घर के पास ही सुनवाई कराई गई, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।

सबसे अहम बात यह रही कि 2.22 करोड़ मामलों में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ ) ने घर-घर जाकर सत्यापन किया। इस प्रक्रिया के बाद अनुमान है कि 97% से अधिक नाम अंतिम सूची में बरकरार रहेंगे।

इसके अलावा, इस अभियान में 86.69 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 3.18 लाख नाम हटाने के लिए भी आवेदन किए गए हैं।

यह व्यापक अभियान प्रदेश की चुनावी प्रक्रिया को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी चुनावों में अधिक पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित हो सकेगी।

Next Story