- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: कबाड़ वाहन पर...
Lucknow: कबाड़ वाहन पर दिखाया गया ईंधन खर्च, कार्रवाई तेज

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण विभाग (PWD) में लंबे समय से खड़ी और कंडम हो चुकी सरकारी गाड़ी में तेल डलवाने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। विभाग ने अवर अभियंता (JE) अनिल कुमार को निलंबित कर दिया है।
यह मामला पीडब्ल्यूडी के विद्युत एवं यांत्रिक खंड के लखनऊ स्थित 17वें सर्किल से जुड़ा है, जहां एक कार काफी समय से खड़ी थी और कंडम स्थिति में पहुंच चुकी थी। आरोप है कि इस गाड़ी को टोचन कार्य में उपयोग दिखाकर तेल खर्च दर्शाया जा रहा था।
मामले में प्रथम दृष्टया जिम्मेदारी तय करते हुए जेई अनिल कुमार के खिलाफ निलंबन आदेश जारी किया गया है। वहीं सहायक अभियंता एसके नायक के खिलाफ कर्मचारी आचरण नियमावली के नियम-7 तथा अधिशासी अभियंता रंजिता प्रसाद के खिलाफ नियमावली-10(2) के तहत जांच की संस्तुति की गई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि कंडम वाहन के नाम पर तेल व्यय कैसे और किसकी अनुमति से दर्शाया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





