- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: दिनदहाड़े...
Lucknow: दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, पांच टीमें जांच में जुटीं

लखनऊ: पूर्व विधायक व माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाने वाले अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की पांच टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे लखनऊ से बाराबंकी आते समय हाईवे के असेनी मोड़ की सर्विस रोड पर पल्सर सवार दो बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर हेलमेट पहने हुए थे और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस को घटना की सूचना दोपहर 1:22 बजे मिली।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक शोएब के शरीर में करीब 10 गोलियां लगीं, जबकि चार गोलियां अन्य स्थानों पर मिलीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके का दोबारा निरीक्षण किया और क्राइम सीन को री-क्रिएट कर जांच आगे बढ़ाई।जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के चालक और तीन अन्य परिचितों से पूछताछ की है। साथ ही लखनऊ स्थित उनके आवास से लेकर घटनास्थल तक मोबाइल टावरों का डंप डेटा खंगाला जा रहा है। पुलिस 12:50 बजे से 1:40 बजे के बीच के समय को विशेष रूप से खंगाल रही है। हाईवे, सर्विस रोड, कट प्वाइंट, पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा सहित करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना से दो दिन पहले चालक को छुट्टी क्यों दी गई थी। इस तथ्य को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।शोएब किदवई के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी में कुल 12 मुकदमे दर्ज रहे हैं, जिनमें 1999 का हजरतगंज जेलर आरके तिवारी हत्याकांड भी शामिल है। हालांकि परिजनों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से वह शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत कर रहे थे।अधिवक्ता होने के साथ-साथ शोएब प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से भी जुड़े थे। पुलिस उनके आर्थिक लेनदेन और हालिया सौदों की भी जांच कर रही है, ताकि किसी संभावित विवाद की जानकारी मिल सके।एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जांच कई पहलुओं पर की जा रही है और सभी तथ्यों को वैज्ञानिक तरीके से परखा जा रहा है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।





