उत्तर प्रदेश

Lucknow: अंसल ग्रुप के खिलाफ एफआईआर के आदेश

Admindelhi1
4 March 2025 1:33 PM IST
Lucknow: अंसल ग्रुप के खिलाफ एफआईआर के आदेश
x
होम बायर्स से धोखा बर्दाश्त नहीं: सीएम योगी

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंसल ग्रुप के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि होम बायर्स के साथ धोखाधड़ी किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार को मुख्यमंत्री ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अंसल ग्रुप द्वारा किए गए घोटालों को लेकर कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि जिन जिलों में अंसल ग्रुप ने लोगों को ठगा है, वहां भी एफआईआर दर्ज कराई जाए।

कागजों पर ही कर दिया प्लॉट आवंटन, खरीददारों को नहीं मिला कब्जा: अंसल एपीआई कंपनी ने शहीद पथ स्थित सुशांत गोल्फ सिटी के विस्तार में सैकड़ों ग्राहकों को केवल नक्शा दिखाकर प्लॉट आवंटित कर दिए, जबकि जमीन खरीदी ही नहीं गई थी। इसके बावजूद खरीदारों से पूरी रकम वसूल ली गई, लेकिन उन्हें कब्जा नहीं दिया गया। ऐसे हजारों निवेशक हैं, जिन्होंने भुगतान किया, लेकिन आज तक उन्हें उनकी जमीन नहीं मिली।

सोमवार को कई पीड़ित खरीदार अंसल ऑफिस पर एकत्र हुए। इस दौरान सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह भी वहां पहुंचे और मुख्यमंत्री से वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी पीड़ितों को न्याय मिलेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने एलडीए और रेरा के अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया है, जिसके बाद इस मामले पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।

Next Story