- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: फर्जी कॉल...
Lucknow: फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ: समिट बिल्डिंग में संचालित कथित फर्जी कॉल सेंटर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के कथित मास्टरमाइंड संचालक, उसकी प्रेमिका रिंकी दासगुप्ता और सहयोगी नायकर जयराज को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, लखनऊ पुलिस क्राइम ब्रांच ने तीनों आरोपियों को कोलकाता के एक रिज़ॉर्ट से गिरफ्तार किया। फिलहाल सभी आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
जांच में सामने आया है कि विनीत और नायकर जयराज मूल रूप से गुजरात के रहने वाले हैं। पुलिस का आरोप है कि फर्जी कॉल सेंटर से अर्जित कथित अवैध कमाई का इस्तेमाल रिंकी दासगुप्ता के व्यवसाय में किया गया। यह भी जांच की जा रही है कि इस धन का उपयोग किन-किन गतिविधियों में हुआ।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले ही पुलिस 119 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मास्टरमाइंड और उसके करीबी सहयोगियों की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





