- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: एक्सप्रेस-वे...
Lucknow: एक्सप्रेस-वे का काम तेज, रफ्तार से आगे बढ़ रही परियोजना

लखनऊ: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ा रहा है। परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए बिजली की ट्रांसमिशन लाइनों को स्थानांतरित करने का काम तेजी से किया जा रहा है, जिसके लिए नए पोल लगाने की तैयारी चल रही है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार करीब सत्तर दिनों के भीतर ट्रांसमिशन लाइन को निर्धारित पोल पर शिफ्ट कर दिया जाएगा, इसके बाद गर्डर रखने का कार्य शुरू किया जाएगा।
एनएचएआई ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन मार्च 2026 तक करने का लक्ष्य तय किया है। निर्माण कार्य को तय समयसीमा में पूरा करने के लिए जनवरी और फरवरी माह में एक्सप्रेस-वे से जुड़े सभी शेष फिनिशिंग कार्यों को अतिरिक्त टीमें लगाकर कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यों की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।
लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस-वे के बनकर तैयार होने के बाद दोनों शहरों के बीच 63 किलोमीटर की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी। यह एक्सप्रेस-वे यात्रियों को न सिर्फ तेज और सुरक्षित सफर उपलब्ध कराएगा, बल्कि मार्ग पर रेस्टोरेंट, पेट्रोल पंप और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद राजधानी लखनऊ और औद्योगिक नगरी कानपुर के बीच आवागमन को नई गति मिलने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।





