उत्तर प्रदेश

Lucknow: EOW की बड़ी कार्रवाई, PACL घोटाले का सरगना पकड़ा गया

Admindelhi1
10 July 2025 7:02 PM IST
Lucknow: EOW की बड़ी कार्रवाई, PACL घोटाले का सरगना पकड़ा गया
x

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए देश के चर्चित PACL (पर्ल्स एग्रो टेक कॉर्पोरेशन लिमिटेड) घोटाले के मास्टरमाइंड गुरनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उन हजारों निवेशकों के लिए राहत की खबर बनकर सामने आई है, जिनकी गाढ़ी कमाई इस घोटाले में फंस गई थी।

गुरनाम सिंह पर आरोप है कि उसने अपनी कंपनी PACL के ज़रिए लोगों को कम समय में मोटे मुनाफे का सपना दिखाया। उसने दावा किया कि कंपनी की योजनाएं निवेशकों को दोगुना-चौगुना रिटर्न देंगी। इसी झांसे में आकर हजारों लोगों ने कई करोड़ रुपये PACL में लगा दिए। लेकिन कुछ ही समय में असली चेहरा सामने आ गया। देशभर में PACL के ऑफिस अचानक बंद होने लगे और कंपनी से जुड़े मुख्य लोग फरार हो गए।

10 राज्यों में फैला था फर्जीवाड़े का जाल

EOW की जांच में सामने आया है कि PACL ने उत्तर प्रदेश के अलावा असम, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, केरल, बिहार और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में अपनी शाखाएं खोल रखी थीं। इन राज्यों के हजारों निवेशकों से करीब 49,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। कंपनी ने केवल इन्वेस्टमेंट ही नहीं, बल्कि कृषि भूमि देने के नाम पर भी लोगों से फर्जीवाड़ा किया।

जालौन से शुरू हुई शिकायत, अब CBI और EOW के रडार पर पूरा नेटवर्क

इस घोटाले की शुरुआत उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से हुई, जहां निवेशकों ने स्थानीय थाने में केस दर्ज कराया। बाद में यह मामला सीबीआई को सौंपा गया। अब तक इस केस में 10 नामजद आरोपियों में से 4 को गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा जा चुका है। गुरनाम सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब उम्मीद की जा रही है कि घोटाले के पूरे नेटवर्क की परतें खुलेंगी और जिन लोगों की मेहनत की कमाई डूबी है, उन्हें इंसाफ मिलेगा।

EOW और अन्य जांच एजेंसियां अब इस ठगी नेटवर्क से जुड़े बाकी आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं। साथ ही करोड़ों रुपये की इस धोखाधड़ी में फंसे निवेशकों की रकम वापसी की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं।

Next Story